स्पोर्ट्स स्टेडियम भिनगा में चल रहा भवन का निर्माण कार्य।
- फोटो : स्पोर्ट्स स्टेडियम भिनगा में चल रहा भवन का निर्माण कार्य।
श्रावस्ती। स्पोर्ट्स स्टेडियम भिनगा में खिलाड़ियों को अब शीघ्र ही अत्याधुनिक जिम की सुविधा भी मिल सकेगी। इसके लिए तीन मंजिला इमारत का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। इसमें कबड्डी खिलाड़ियों को अंडरग्राउंड कोर्ट व अन्य सुविधाओं से लैस बहुउद्देशीय हॉल की सुविधा भी मिल सकेगी।
जिले में स्पोर्ट्स स्टेडियम तो है, लेकिन खिलाड़ियों को नाममात्र की सुविधा ही मिल पा रही है। न तो कुछ खेलों के प्रशिक्षक उपलब्ध है और न ही जिम व कॉन्फ्रेंस हॉल जैसी सुविधाएं हैं। हालांकि इनके लिए विभागीय अधिकारियों ने जिलेस्तर से कई बार शासन को मांग पत्र भी भेजा गया है। किंतु वर्ष 2025 में भेजे गए प्रस्ताव को शासन ने मंजूरी देने के साथ ही धनावंटन भी कर दिया है। इससे स्टेडियम परिसर में लगभग सात करोड़ 64 लाख की लागत से तीन मंजिला भवन का निर्माण शुरू हो गया है। इसमें खिलाड़ियों को पहली मंजिल पर अत्याधुनिक जिम की सुविधा मिलेगी। दूसरी मंजिल पर कबड्डी खिलाड़ियों को मैट कोर्ट व बहुउद्देशी हॉल तथा तीसरे मंजिल पर कार्यालय व कॉन्फ्रेंस रूम का निर्माण किया जाएगा। शासन की ओर से कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड को 18 माह के भीतर निर्माण कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया गया है।
पवेलियन का भी होगा जीर्णोद्धार
स्टेडियम में बने पवेलियन का भी जीर्णोद्धार कराया जाएगा। साथ ही खुले आसमान के नीचे बैठकर खेल देखने वालों के टीन शेड का निर्माण कराया जाएगा। जिम के निर्माण से भारोत्तोलन, मार्शल आर्ट, किक बॉक्सिंग, थाई बॉक्सिंग, एथलेटिक्स आदि खेलों में खिलाड़ियों को अधिक लाभ मिलेगा।
निर्माण कार्य तेज होने के साथ ही उसकी गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। बहु प्रतीक्षित निर्माण कार्य पूरा होने के बाद खिलाड़ियों की प्रतिभा में और निखार आएगा। साथ ही अन्य लोग भी अपने स्वास्थ्य लाभ के लिए भी जिम का प्रयोग कर सकेंगे।
- शिव कुमार यादव, जिला क्रीड़ा अधिकारी