श्रावस्ती। जिले में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) से निर्मित सड़क अपनी वारंटी अवधि भी पूरी नहीं कर पा रही है। इस अवधि में कई बार पैचिंग का कार्य कराने के बाद भी मार्ग बदहाल हैं। ऐसा ही कुछ बेचईपुरवा से लक्ष्मनपुर जाने वाले मार्ग पर भी देखा जा सकता है। करोड़ों रुपये से बनी सड़क कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त है।
पीएमजीएसवाई के तहत सिरसिया विकास क्षेत्र के बेचईपुरवा से लक्ष्मनपुर तक 16.800 किलोमीटर मार्ग का निर्माण जून 2016 में शुरू किया गया था। यह मार्ग जून 2018 में 1210.45 लाख रुपये की लागत से तैयार हुआ। मार्ग की वारंटी अवधि पांच जून 2018 से चार जून 2023 तक है। 21 जनवरी 2020 को सड़क का लोकार्पण किया गया था। पांच साल वारंटी तक टिकने वाली सड़क तीन साल में ही बदहाल हो गई है। सड़क पर जगह-जगह गड्डे बन चुके हैं।
मार्ग निर्माण के समय ही क्षेत्रवासियों की ओर से मार्ग के गुणवत्ता को लेकर सवाल उठाए गए थे। इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। मार्ग निर्माण के बाद बीच-बीच में इस मार्ग पर पैचिंग भी हो चुकी है। गुणवत्ता का ख्याल न रखे जाने के कारण मार्ग जर्जर हो चुका है। मार्ग पर बने गड्ढों के कारण कई लोग गिरकर घायल हो चुके हैं।
ऐसे में क्षेत्र के सोनू मिश्रा, मदन लाल, जुनेद अहमद, गौस मुहम्मद, राजेश, अनिल कुमार, नियाज, शफीक व रामकुमार सोनी आदि ने डीएम से मार्ग की गुणवत्ता की जांच करवा कर समस्या दूर कराने की मांग की है।