गिलौला स्थित गैस एजेंसी पर पर सिलिंडर के लिए जुटी भीड़।
- फोटो : गिलौला स्थित गैस एजेंसी पर पर सिलिंडर के लिए जुटी भीड़।
श्रावस्ती/गिलौला। तराई में पेट्रोल-डीजल व सिलिंडर की मांग बढ़ती जा रही है। जिला प्रशासन के प्रयासों के बाद भी पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों पर ग्राहकों की भीड़ खत्म नहीं हो रही है। शुक्रवार को भी जिले के पेट्रोल पंपों व गैस एजेंसियों पर लोगों को लंबी-लंबी कतारों में लगा देखा गया।
गिलौला निवासी अमरेंद्र कुमार ने बताया कि उन्हें जरूरी काम के लिए बलरामपुर जाना है लेकिन बाइक में पेट्रोल नहीं है। एक घंटे से इंतजार कर रहे हैं लेकिन अभी तक पेट्रोल नहीं मिल पाया है। ट्रैक्टर चालक नरेश कुमार ने बताया कि गेहूं की थ्रेसिंग का कार्य चल रहा है। जिसके लिए डीजल की जरूरत है लेकिन घंटों लाइन लगाने के बाद भी डीजल नहीं मिल रहा है। जिसके चलते आमदनी प्रभावित हो रही है। यही नजारा सिरसिया के ताल बघौड़ा स्थित हिंदुस्तान पेट्रोल पंप का भी रहा। जहां लोगों को डीजल-पेट्रोल के लिए धक्कामुक्की करते देखा गया।
गिलौला स्थित भारत वत्स गैस एजेंसी पर भी सिलिंडर लेने वालों की भारी भीड़ दिखी। चिलचिलाती धूप के बीच लोगों को एक सिलिंडर के लिए लाइन में धक्कामुक्की करते देखा गया। उपभोक्ता सुधाकर वर्मा ने बताया कि पांच दिन से सिलिंडर के लिए एजेंसी आ रहे हैं। वहीं पंकज कुमार व सलमा ने भी बुकिंग करवाने के बाद भी सिलिंडर न मिलने का आरोप लगाया।
जिले में पर्याप्त मात्रा में डीजल-पेट्रोल व सिलिंडर उपलब्ध है। मांग के आधार पर आपूर्ति भी लगातार आ रही है। तेल के दाम बढ़ने की अफवाहों में फंस कर लोग भारी संख्या में पंप पर पहुंच रहे हैं और अव्यवस्था हो रही है। लोगों से अपील है कि आवश्यकतानुसार ही तेल लें। पूर्ति विभाग की टीमें भ्रमण कर वितरण पर नजर बनाए हुए हैं। -दीपक कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी