गिलौला। गिलौला क्षेत्र में तुलसीपुर के पास शुक्रवार रात तेज रफ्तार बाइक सवार पुल की रेलिंग से टकराकर नहर में गिर गए। हादसे में बाइक के पीछे बैठे किशोर की डूबकर मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा युवक घायल हो गया। किशोर के पिता ने बाइक चला रहे युवक पर संदेह जताते हुए हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस जांच में जुटी है।
गिलौला क्षेत्र के ग्राम दूबकला निवासी आलोक यादव (22) शुक्रवार को बहराइच जिले के पयागपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बेलवा पदुम निवासी योगेंद्र वर्मा (17) के साथ बाइक से बहराइच की ओर जा रहे थे। बौद्ध परिपथ पर तिलकपुर के निकट सरयू नहर के पुल से उनकी बाइक टकरा गई।
इससे योगेंद्र नहर में और आलोक सड़क पर गिर गए। आसपास मौजूद लोगों ने एंबुलेंस से आलोक को गिलौला सीएचसी पहुंचाया। वहां से चिकित्सकों ने संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा रेफर कर दिया। आलोक की सूचना पर गिलौला पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों की मदद से योगेंद्र को नहर से बाहर निकलवाया और गिलौला सीएचसी पहुंचाया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
उधर, योगेंद्र के पिता शेषराज वर्मा ने गिलौला पुलिस को तहरीर देकर बाइक चालक आलोक पर हत्या का आरोप लगाया है। थानाध्यक्ष आशीष कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह दुर्घटना का मामला है। मृतक के पिता की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर भी मामले की जांच की जाएगी।