श्रावस्ती। विद्यालयों की भौतिक स्थिति सुधारने व प्रेरणा एप के विरोध में शुरू हुआ शिक्षकों का धरना प्रदर्शन शुक्रवार को भी जारी रहा। इस दौरान परिषदीय शिक्षकों ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।
प्रदर्शन के दौरान शिक्षकों ने कहा कि प्रेरणा एप शिक्षकों पर जबरन थोपा जा रहा है। जो शिक्षकों के निजता का हनन है। शिक्षकों की ओर से फोन अपने निजी प्रयोग के लिए खरीदा गया है।
इस पर सरकार जबरदस्ती प्रेरणा एप डाउनलोड करने का दबाव बना रही है। इसे शिक्षक किसी कीमत पर डाउनलोड नहीं करेंगे। सरकार शिक्षकों के सम्मान व निजता पर कुठाराघात बंद करे. अन्यथा सभी शिक्षक कार्य बहिष्कार के लिए विवश होंगे।
इस दौरान शिक्षकों ने प्रेरणा एप पर रोक लगाने, वर्ष 2005 से पूर्व लागू पेंशन व्यवस्था को बहाल करने, तीन वर्ष की सेवा पूर्ण कर चुके शिक्षकों को पदोन्नति देने, प्राथमिक विद्यालयों में पांच व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में तीन शिक्षक व एक-एक प्रधान शिक्षक नियुक्त करने, शिक्षकों को एमडीएम, ड्रेस वितरण आदि गैर शैक्षणिक कार्य से मुक्त रखने तथा विद्यालयों में सभी भौतिक सुविधाएं मुहैया कराने की मांग भी की।
इस मौके पर अनामिका पांडेय, शोभना चतुर्वेदी, दीपा मिश्रा, अर्चना तिवारी, नीतू यादव, सपना, सरस्वती, पूनम सिंह, मोनिका, आंचल, डॉ. वीके गौरव, अंकित श्रीवास्तव सहित काफी संख्या में परिषदीय शिक्षक व शिक्षिकाएं मौजूद रहीं।