श्रावस्ती। प्ररेणा एप के विरोध में शिक्षकों का प्रदर्शन लगातार जारी है। इसी के क्रम में गुरुवार को उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के बैनर तले शिक्षकों ने बीएसए कार्यालय में प्रदर्शन किया। इस दौरान शिक्षकों ने अपनी समस्याओं के समाधान की मांग की।
प्रेरणा एप का शिक्षक संघ लगातार विरोध कर रहा है। इसको लेकर जिले के शिक्षक लगातार आंदोलित हैं। बीएसए कार्यालय परिसर में शिक्षकों ने गुरुवार को उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के बैनर तले प्रदर्शन किया।
इस दौरान हरिहरपुररानी ब्लॉक अध्यक्ष अनूप श्रीवास्तव ने कहा कि प्रेरणा एप शिक्षकों के मान सम्मान एवं निजता पर कुठाराघात होगा। इसका सभी शिक्षक बहिष्कार करते हैं। शिक्षकों की निजता की रक्षा के लिए प्रेरणा एप को तत्काल प्रभाव से रोका जाना चाहिए। इसके साथ ही शिक्षक एक अप्रैल 2005 से पूर्व लागू पुरानी पेंशन व्यवस्था को बहाल करने की भी मांग कर रहे है।
उन्होंने कहा कि तीन वर्ष की सेवा पूर्ण कर चुके शिक्षकों को पदोन्नति दी जाए। बेसिक शिक्षा परिषदीय के प्राथमिक विद्यालयों में पांच सहायक शिक्षक व एक प्रधानाध्यापक तैनात किया जाए। उच्च प्राथमिक विद्यालय में कम से कम तीन सहायक व एक प्रधानाध्यापक नियुक्ति किया जाए। इसके साथ ही विद्यालयों में फर्नीचर, विद्युत, पंखे, बाउंड्रीवाल, शुद्ध पेयजल आदि की सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
प्रत्येक विद्यालय पर शिक्षकों को उनके वेतन क्रम के आधार पर आवासीय सुविधा उपलब्ध कराई जाए। इस मौके पर अनामिका पांडेय, शोभना चतुर्वेदी, दीपा मिश्रा, अर्चना तिवारी, नीतू यादव, सपना, सुभद्रा यादव, पूनम सिंह, सरस्वती वर्मा, अमिता टंडन, मोनिका, आंचल, विनोद कुमार गौरव, अंकित श्रीवास्तव, सुनीलदत्त शुक्ला सहित काफी संख्या में शिक्षक व शिक्षिकाएं मौजूद रहीं।