श्रावस्ती। विधान सभा चुनाव में मतदाताओं को शत प्रतिशत हिस्सेदारी के लिए जागरूक बनाने को लेकर एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। स्वीप के तहत सोमवार को गिलौला बाजार में निकाली गयी रैली में हिस्सेदारी कर रहे छात्र-छात्राएं जन जन का फर्ज है, वोट डालना गर्व है, बनो देश के भाग्य विधाता, अब जागों प्यारे मतदाता जैसे नारे लगा कर आम जनमानस को मतदाता सूचियों को पुनरीक्षित करने के लिए संचालित अभियान में हिस्सेदारी की अपील कर रहे थे। रैली को खंड शिक्षाधिकारी गिलौला ने झंडी दिखा कर रवाना किया।
छात्र-छात्राओं की यह रैली प्रमुख बाजार सहित आसपास के गांव होकर पुन: स्कूल पहुंच कर समाप्त हुई। इस मौके पर खंड शिक्षाधिकारी ने सभी का आह्वान किया कि मतदान के दौरान वोटर सूची में उजागर होने वाली खामियों से बचने के लिए वर्तमान में संचालित पुनरीक्षण अभियान में शत प्रतिशत हिस्सेदारी करे। इसके तहत हर पात्र खुद के साथ ही दूसरों का नाम भी मतदाता सूची में दर्ज कराने, नाम पते की खामी दूर कराने व मृतक का नाम सूची से हटवाने के लिए संबंधित बीएलओ से संपर्क कर आवेदन जरूर करे। उन्होंने कहा कि प्रलोभनों से दूर रहकर मतदान करना प्रत्येक वोटर की जिम्मेदारी है। इस मौके पर विद्यालय के शिक्षक शिक्षिकाएं व छात्राएं व ग्रामीण मौजूद रहे।