श्रावस्ती। बढ़ती महंगाई और पंचायत चुनाव में पक्षपात के खिलाफ सपा कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को सभी तहसील मुख्यालयों का घिराव कर धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति को संबोधित एक सत्रह सूत्रीय मांगों का एक ज्ञापन भी एसडीएम को सौंपा गया।
बढ़ती मंहगाई (डीजल-पेट्रोल, रसोई गैस, खाद, बीज, कीट नाशक दवाएं, कृषि यंत्र इत्यादि) पर रोक लगाने, बेरोजगारों को रोजगार दिलाने, पंचायत चुनाव में पक्षपात करने वाले अफसरों पर कार्रवाई किए जाने सहित 17 सूत्रीय मांगों को लेकर सपा कार्यकर्ताओं ने जिले के भिनगा, इकौना व जमुनहा तहसील मुख्यालयों का घिराव कर धरना प्रदर्शन किया।
इकौना में सपा द्वारा किए जा रहे प्रदर्शन के दौरान पूर्व विधायक हाजी मोहम्मद रमजान ने आरोप लगाया कि पंचायत चुनाव के दौरान भाजपा द्वारा लोकतंत्र की हत्या की गई। प्रमुख पद के नामांकन के समय विपक्ष के प्रत्याशी, प्रस्तावकों, समर्थकों व महिलाओं के साथ अभद्रता की गई।
भिनगा तहसील परिसर में पूर्व विघायक इंद्राणी वर्मा व पूर्व जिलाध्यक्ष जितेंद्र विक्रम यादव ने कहा कि पंचायत चुनाव मेें पुलिस प्रशासन सत्ता पक्ष का कार्यकर्ता बन कर काम कर रहा था।
धरना प्रदर्शन के बाद सपा कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन इकौना में एसडीएम आरपी चौधरी, भिनगा में राजेश मिश्रा व जमुनहा में एसडीएम प्रवेंद्र कुमार को सौंपा। इसमें किसानों को उनकी फसलों का लाभकारी मूल्य दिलवाने, किसानों के गन्ने का बकाया भुगतान कराने, किसानों के ऊपर थोपे गए कृषि कानून को वापस लेने और बढ़ती मंहगाई पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गयी।
धरना प्रदर्शन के दौरान भिनगा में अशरफ खान, सत्येंद्र प्रताप सिंह, दद्दन खान, इकौना में रामकुमार शुक्ला, अभिषेक मिश्रा मुन्ना, अमर यादव व जमुनहा में सरोजनी शर्मा, काशीराम वर्मा, ओमप्रकाश वर्मा, पप्पू सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।