श्रावस्ती। अपनी जमा रकम निकालने के लिए इस समय बैंकों में भीड़ एकत्र हो रही है। इस दौरान लोग सोशल डिस्टेंसिंग का भी ध्यान नहीं रख रहे हैं। बैंकों के बाहर मंगलवार को पास-पास खड़े होकर लोग अपनी बारी का इंतजार करते रहे। कुछ स्थानों पर तो लोग एक-दूसरे से सटकर खड़े थे, जिसके चलते स्थिति असामान्य दिख रही थी। इस तरह का नजारा भिनगा सहित अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित बैंकों के सामने दिखाई दिया।
कोरोना वायरस से बचाव को लेकर लॉकडाउन चल रहा है। इस दौरान बैंकों में जमा रकम निकालने के लिए बैंक में काफी लोग आ रहे हैं। इससे बैंकों के सुरक्षा कर्मी भी अनियंत्रित भीड़ को नियंत्रित करने में नाकाम हैं। बैंकों में भीड़ देखते ही जैसे-तैसे बैंक कर्मी भुगतान कर रहे हैं। इस समय देखा जाए तो उज्जवला गैस, राहत भत्ता व अन्य अनुदानों के तहत मिले पैसे को निकालने के लिए यह भीड़ एकत्र हो रही है।
इस तरह का नजारा भिनगा नगर ही नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों की बैंकों में भी देखा जा सकता है। मंगलवार को भिनगा की यूनियन बैंक जहां सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने के लिए कोई भी सुविधा नहीं थी। सुबह 10 से 12 बजे स्थिति यह बन गई थी कि लोग एक-दूसरे से सटकर खड़े थे। कुछ देर बाद कुछ पुलिस कर्मियों के आने के बाद कतार तो लगी, लेकिन जगह का अभाव होने के कारण सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं हो सका।
आने वाले अधिकांश लोग बिना मास्क के ही खड़े थे। यही स्थिति यूको बैंक के सामने देखी गई। यहां सोशल डिस्टेंसिंग के लिए गोला तो बनाया गया था, लेकिन कुछ को छोड़ कर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं कर रहे थे। ऐसे ही इलाहाबाद बैंक की मुख्य शाखा के बाहर देखने को मिला। इस तरह की स्थिति भिनगा में हीं नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित बैंकों में भी देखी गई।
एसपी ने बैंकों को कराया सैनिटाइज
कोरोना वायरस को जड़ से मिटाना है। इसलिए जहां-जहां लोग ज्यादा एकत्र हो रहे हैं। वहां-वहां पुलिस पूरे क्षेत्र को सैनिटाइज कर रही है। मंगलवार को एसपी अनूप सिंह ने स्वयं मौजूद रहकर भिनगा के यूको बैंक, एक्सिस बैंक सहित सभी बैंकों को सैनिटाइज कराया। फायर ब्रिगेड की ओर से किए गए सैनिटाइजेशन के दौरान लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग की जानकारी दी।
बैंक, ग्राहक सेवा केंद्र व दुकानों का एएसपी ने किया निरीक्षण
लॉकडाउन के दौरान एएसपी बीसी दुबे ने गिरंट, बदला, नासिरगंज व लक्ष्मननगर में लॉकडाउन की हकीकत देखी। इसके साथ ही यहां स्थित बैंक व ग्राहक सेवा केंद्र पर सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन कराने के लिए तत्काल गोला बनाने का निर्देश दिया। वहीं, गिरंट में सब्जी फल विक्रेताओं से रेट की जानकारी लेते हुए उसकी गुणवत्ता भी जांची। साथ ही निर्देश दिया कि इस समय किसी भी हाल में कटे, सड़े फल व सब्जी न बेची जाए। वहीं चौकी प्रभारियों को निर्देश दिया कि समय-समय पर फल व सब्जी विक्रेताओं के यहां जाकर गुणवत्ता की जांच करें।