कटरा (श्रावस्ती)। अस्पताल में बाहर से दवा लाने व जांच कराने के लिए मरीज को डॉक्टर ने पर्चा लिखा। मरीज अस्पताल से बाहर निकले वाला ही था कि गेट पर पूर्वांचल विकास बोर्ड के सदस्य ने उससे हालचाल पूछ लिया तो स्वास्थ्य सेवाओं की सारी हकीकत उजागर हो गई।
पूर्वांचल विकास बोर्ड के सदस्य बौद्घ अरविंद सिंह पटेल मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना का औचक निरीक्षण करने पहुंचे थे। वहां वह गेट के अंदर घुस ही रहे थे की एक मरीज उन्हें बाहर आते हुए मिल गया। वे गेट पर ही मरीज को रोककर उसका हालचाल पूछने लगे। मरीज ने उनके किसी भी प्रश्न का उत्तर तो नहीं दिया बल्कि उन्हें डॉक्टर द्वारा लिखा पर्चा थमा दिया। इस पर्चे में डॉक्टर ने मरीज के पैथोलॉजी जांच के साथ ही बाहर से ही दवा खरीदने के लिए दवा का नाम लिखा था।
इस मौके पर पतेढ़ा निवासी मरीज घनश्याम शुक्ला ने उन्हें बताया कि डॉक्टर आशीष ने उन्हें दवा व जांच बाहर से कराने के लिए लिखा है। जांच में 900 रुपये खर्च आ रहा है। इस पर सदस्य ने वहां मौजूद सीएचसी अधीक्षक डॉ. आशीष श्रीवास्तव को चेतावनी देते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप कार्य कराएं और करें। इसके बाद वह सीआरबी इंटर कॉलेज पहुंचे। जहां लैब में मौजूद गंदगी पर उन्होंने प्रधानाचार्य मुन्ना लाल यादव को चेतावनी दी। संवाद