श्रावस्ती। विधानसभा चुनाव में मतदाता जागरूकता से लेकर सकुशल मतदान कराये जाने को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान डीएम को एडीएम व अन्य अधिकारियों ने स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। डीएम ने विधानसभा चुनाव के दौरान अपने दायित्वों का बेहतर ढंग से निर्वहन करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
जिलाधिकारी नेहा प्रकाश ने कहा कि सभी अधिकारियों व कर्मचारियों ने विधानसभा चुनाव के दौरान कड़ी मेहनत और लगन से काम किया है। जिसके लिए वह बधाई के पात्र हैं। विधानसभा निर्वाचन चुनौतीपूर्ण था। ईवीएम की सुरक्षा भी एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी थी। सभी अधिकारियों ने एकजुट होकर पूरे मनोयोग से कार्य किया। जिससे बिना किसी बाधा के हम लोगों ने सकुशल, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव करवाया। टीम भावना के साथ काम करके कठिन से कठिन कार्य को संपादित किया जा सकता है। निर्वाचन के दौरान स्वीप कार्यक्रम सहित अन्य कार्यक्रमों में कवरेज के लिए मीडिया कर्मियों की भी सराहना की। जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी अनुभव सिंह एवं उनके कार्यालय को मतदान कार्मिक प्रबंधन और प्रभावशाली स्वीप कार्यक्रम में बेहतर कार्य के लिए व एडीएम को उप जिला निर्वाचन अधिकारी के रूप में दायित्वों के सम्यक निर्वहन के लिए सम्मानित किया।
रिटर्निंग ऑफिसर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 289 भिनगा व उपजिलाधिकारी भिनगा तथा विधान सभा क्षेत्र 290 श्रावस्ती व उपजिलाधिकारी आरपी चौधरी को भी स्मृति चिन्ह व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मौके पर डीएफओ एपी यादव, एसडीएम जमुनहा सौरभ शुक्ला, एसडीएम रोहित, वरिष्ठ कोषाधिकारी गिरीश कुमार, तहसीलदार प्रेम कुमार राय, अहमद फरीद खान, जिला विकास अधिकारी विनय कुमार तिवारी, जिला आबकारी अधिकारी पीके गिरी, उपनिदेशक कृषि कमल कटियार, बीएसए प्रभुराम चौहान, जिला पंचायत राज अधिकारी आनन्द प्रकाश, जिला सूचना अधिकारी शिवनाथ, जिला कृषि अधिकारी अवधेश कुमार यादव, आपदा विशेषज्ञ अरूण कुमार मिश्रा सहित अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।