श्रावस्ती। जन-जन के विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। जिसके लिए विभिन्न विभागों के माध्यम से सरकार द्वारा अनेक जन कल्याणकारी योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। ऐसे में संबंधित विभागीय अधिकारियों का दायित्व बनता है कि वह सरकार की योजनाओं को धरातल पर उतारें व प्रत्येक पात्र को लाभान्वित करें। ध्यान रखा जाए कि कोई भी गरीब, असहाय एवं बेसहारा व्यक्ति सरकार की योजनाओं से वंचित न रहने पाये। सोमवार शाम कलेक्ट्रेट स्थित सभाकक्ष में विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक के दौरान पूर्वांचल विकास बोर्ड के सलाहकार साकेत मिश्रा ने ये बातें कहीं।
उन्होंने कहा कि जिले में विकास की अपार संभावनाएं हैं। जिलाधिकारी ने जो जिले के चहुंमुखी विकास के लिए जो खाका तैयार किया है, वह सराहनीय है। श्रावस्ती विधायक रामफेरन पांडे ने कहा कि सरकार द्वारा अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। उन योजनाओं का जिले में पात्र व्यक्तियों को संबंधित विभागों के माध्यम से लाभान्वित किया जा रहा है। इससे उनके जीवन स्तर में भी सुधार आया है। जिलाधिकारी नेहा प्रकाश ने कहा कि शत प्रतिशत लोगों को शिक्षा से जोड़े बिना संपूर्ण विकास की कल्पना नहीं की जा सकती है।
शिक्षा और स्वास्थ्य बेहतर होगा तो निश्चित ही जिले का चहुंमुखी विकास संभव होगा। जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य बेहतरी के लिए विशेष प्रयास किये जा रहे हैं। गर्भवती व नवजात शिशुओं एवं बच्चों की देखभाल के लिए आईसीडीएस विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की मॉनीटरिंग करके निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है। मौके पर मुख्य विकास अधिकारी अनुभव सिंह, अपर जिलाधिकारी कमलेश चन्द्र, उपजिलाधिकारी प्रवेन्द्र कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि व संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।