श्रावस्ती। क्राप कटिंग के परीक्षण में किसानों के खेतों में अलग अलग मात्रा में गेहूं की उत्पादकता निकली है। इस दौरान किसी के खेत में 2.40 क्विंटल प्रति बीघा तो किसी के खेत में 3.20 क्विंटल का औसत आया है। क्राप कटिंग का कार्य मंगलवार को डीएम की मौजूदगी में हुआ। इस मौके पर डीएम ने कहा कि जिले में गेहूं की उत्पादकता का औसत निकाला जाएगा।
जिले में किस फसल की कितनी उत्पादकता प्रति बीघा हुई है। इसका मूल्यांकन क्राप कटिंग के माध्यम से किया जाता है। मंगलवार डीएम नेहा प्रकाश ने भिनगा तहसील क्षेत्र के खैरीकला गांव में गेहूं की क्राप कटिंग कराई। इस दौरान किसान सीता पत्नी अलखू के खेत में एक बिसवा में बारह किलो यानी कि प्रति बीघा 2.40 क्विंटल औसत उपज निकली। जबकि यहीं पर किसान रक्षाराम पुत्र पलटू के खेत में एक बिसवे में 16 किलो औसतन 3.20 क्विंटल गेहूं प्रति बीघा था। इस दौरान कई अन्य किसानों के खेतों में क्राप कटिंग कराई गई। इस दौरान एसडीएम भिनगा सहित कृषि विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
जिले में क्षेत्रवार कराई जाने वाली क्राप कटिंग के बाद जिल की औसत उत्पादकता निकाली जाएगी। क्राप कटिंग अभी जिले की अन्य दोनों तहसीलों में होना है। इसी क्राप कटिंग के माध्यम से किसानों के फसल का यदि आकस्मिक क्षति होती है तो प्रधानमंत्री मंत्री फसल बीमा योजना की तहत बीमित किसानों को संबंधित क्षेत्र में उत्पादकता के आधार पर उन्हें क्षतिपूर्ति दी जाती है।