श्रावस्ती। विकास के नाम पर हो रहे निर्माण कार्यों में कार्यदायी संस्था व ठेकेदारों द्वारा जमकर मनमानी बरती जा रही है। इसके चलते ही निर्माणाधीन मार्गों के निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। घटिया निर्माण के कारण ही बेचईपुरवा से लक्ष्मनपुर तक बनी करीब 17 किलोमीटर लंबी सड़क महज तीन साल में ही जगह जगह से उधड़ कर बदहाल हो गयी है। इतना ही नहीं निर्माण कार्य की सुस्त रफ्तारी के कारण लक्ष्मनपुर बाजार सहित रास्ते में पड़ने वाले गांव व आसपास क्षेत्र के लोगों को भी आवागमन में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
लक्ष्मनपुर बाजार से बेचईपुरवा तक 16.800 मीटर सड़क का निर्माण तीन वर्ष पूर्व प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से पूरा कराया गया था। जिसकी पांच वर्ष की गारंटी भी है। गुणवत्ता विहीन निर्माण के कारण यह सड़क बदहाल हो चुकी है। मार्ग पर बने गड्ढों के कारण दो पहिया व चौपहिया वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। निर्माण के समय से ही क्षेत्र वासियों द्वारा सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाए गए। लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों की खामोशी अब क्षेत्र वासियों पर भारी पडने लगी है। ऐसे में क्षेत्र वासियों ने जिलाधिकारी नेहा प्रकाश सहित उच्च अधिकारियों से मौका मुआयना कर मार्ग की मरम्मत कराने व निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग किया है।