भिनगा कोतवाली का औचक निरीक्षण करती डीएम साथ में एसपी।
- फोटो : SRAWASTI
श्रावस्ती। भिनगा कोतवाली का शुक्रवार देर रात डीएम ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अभिलेखों सहित थाना परिसर की जांच की। इस दौरान मिली खामियों को दूर करने के लिए उन्होंने प्रभारी निरीक्षक को निर्देश भी दिया। कहा कि भूमि विवाद में पुलिस व राजस्व टीम को मौके पर भेजकर समझौते से समस्या का निपटारा कराएं। मौके पर उनके साथ पुलिस अधीक्षक भी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी यशु रुस्तगी शुक्रवार की देर रात भिनगा कोतवाली पहुंची। इस दौरान उनके साथ एसपी आशीष श्रीवास्तव भी मौजूद रहे। कोतवाली पहुंची डीएम ने वहां अभिलेखों का परीक्षण किया। वहीं प्रधान आरक्षी व अन्य को अपने आस पास सफाई रखने को कहा।
अभिलेखों के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने तैनाती रजिस्टर, अपराध रजिस्टर, गैंगेस्टर रजिस्टर, समाधान एवं संपूर्ण समाधान रजिस्टर, शस्त्र लाइसेंस, पासपोर्ट, चरित्र सत्यापन, जमानत सत्यापन रजिस्टर का निरीक्षण किया। उन्होंने पुरुष बंदीगृह, संपत्ति गृह, कार्यालय सहित संपूर्ण थाना परिसर का जायजा लिया।
इस दौरान डीएम ने प्रभारी निरीक्षक दद्दन सिंह से जमीनी विवादों में पुलिस एवं राजस्व की संयुक्त टीम को मौके पर भेजकर सुलह समझौते के आधार पर शिकायत का निपटारा कराने को कहा। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही को अक्षम्य बताते हुए उन्होंने कार्रवाई का निर्देश दिया। इस मौके पर कई उप निरीक्षक व आरक्षी मौजूद रहे।