श्रावस्ती। सेमगढ़ा के मजरा लोनियनपुरवा निवासी एक अधेड़ की लाश बीते बुधवार सुबह गांव के निकट सरसों के खेत में पड़ी मिली थी। मृतक के पुत्र की तहरीर पर इकौना पुलिस अज्ञात के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज किया था। जिसका खुलासा करते हुए इकौना पुलिस ने एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। जबकि सह आरोपी फरार था। जिसकी गिरफ्तारी के लिए एसपी ने दस हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा किया था। जिसे इकौना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार मौर्य ने बताया कि इकौना थाना क्षेत्र के ग्राम सेमगढ़ा के मजरा लोनियन पुरवा निवासी अंगनू निषाद (50) पुत्र रामदीन की लाश उसी के गांव निवासी मोहम्मद सुभान के खेत में पड़ी मिली थी। मृतक के पुत्र सुभाष कुमार की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज किया था। घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने सेमगढ़ा के मजरा पश्चिमी केवटनपुरवा निवासी बजरंगी केवट पुत्र हब्बू उर्फ आशाराम केवट को सेमगढ़ा तिराहा से गिरफ्तार किया था। जिसने बताया था कि उसका शराब पीने को लेकर अंगनू से झगड़ा हुआ था। इसके बाद उसने अपने साथी पिंटू पुत्र कन्हई के साथ उसे घटना स्थल तक ले गए। जहां बेल्ट से गला घोंट कर उसकी हत्या कर दिया। जिसका शव सरसों के खेत में छिपाया गया था।
घटना के बाद से पिंटू फरार चल रहा था। जिसकी गिरफ्तारी के लिए दस हजार रुपये के इनाम की घोषणा की गई थी। जिसे मंगलवार देर रात सेमगढ़ा कस्बे के बाहर स्थित मदरसा दिलबहार खान इस्लामिया जूनियर स्कूल के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। जिसकी निशानदेही पर अंगनू की साइकिल भी बरामद कर ली गई है। गिरफ्तार आरोपी को बुधवार न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेजा गया है।
एएसपी बीसी दुबे ने बताया कि घटना का खुलासा करने वाली टीम में शामिल प्रभारी निरीक्षक ज्ञानेंद्र पांडे, उपनिरीक्षक शिवकुमार शर्मा, प्रधान आरक्षी चंद्र प्रकाश पांडे, धनंजय सिंह, आरक्षी साहिल शेख, अख्तर आलम, राकेश यादव व महिला आरक्षी अर्चना शर्मा को एसपी की ओर से दस हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया है।