श्रावस्ती। जिले में अगस्त माह में साइबर फ्रॉड करके 15 लोगों के तीन लाख बीस हजार रुपये निकाल लिए गए थे। जिसे साइबर सेल की ओर से वापस कराया गया है।
यह जानकारी देते हुए एसपी प्राची सिंह ने बताया कि जिले में होने वाले साइबर अपराध व साइबर धोखाधड़ी की शिकायतों के निस्तारण के लिए जिला स्तर सहित सभी थानों पर साइबर हेल्प डेस्क व साइबर सेल स्थापित है। पिछले कुछ दिनों में विभिन्न थाना क्षेत्रों के शिकायतकर्ताओं ने साइबर अपराध कर उनके बैंक खातों से रुपये निकाले जाने की शिकायत की थी।
जिसकी जांच साइबर क्राइम सेल को सौंपी गई थी। साइबर तकनीकी का उपयोग करते हुए टीम ने 15 शिकायतकर्ताओं के बैंक खाते से साइबर फ्राॅड कर निकाले गए तीन लाख बीस हजार रुपये शिकायतकर्ताओं को वापस दिलाए गए हैं। पैसा बरामद करने वाली टीम में प्रभारी साइबर सेल रामपाल यादव, उप निरीक्षक नितिन यादव, आरक्षी रमेश सिंह, सूरज कुमार व सुनील कुमार वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जागरूक रह कर साइबर अपराध से बचें
अनजान व्यक्ति या फोन करने वाले को अपने बैंक खाता संख्या, आधार कार्ड, पैन कार्ड, एटीएम की जानकारी व ओटीपी न बताएं। फेसबुक आईडी की जांच करें, आईडी परीक्षण के बाद ही फ्रेंडशिप करें। अनजान फेसबुक आईडी से रिक्वेस्ट या वीडियो कॉल को स्वीकार न करें। सोशल मीडिया अकाउंट सुरक्षित रखने के लिए अपना प्रोफाइल लॉक रखें तथा पासवर्ड समय समय पर बदलते रहें। किसी भी कस्टमर से संपर्क के लिए अधिकृत वेबसाइट में दिए गए हेल्पलाइन नंबर का ही प्रयोग करें।
गूगल से किसी भी कस्टमर केयर का नंबर सर्च न करें। केवाईसी के नाम पर एनीडेस्क, टीम विवर, क्विक सपोर्ट आदि एप्स डाउनलोड न करें। जालसाज इसके माध्यम से आपके मोबाइल कंप्यूटर का एसएमएस लेकर धोखाधड़ी करते हैं। अनजाने लिंक को कतई न खोलें।