भिनगा मल्हीपुर मार्ग जान जोखिम में डालकर सफर करते लोग।
- फोटो : भिनगा मल्हीपुर मार्ग जान जोखिम में डालकर सफर करते लोग।
श्रावस्ती/तुलसीपुर। नेपाल के पहाड़ों पर हुई बारिश के बाद सोमवार को अचानक बढ़ा राप्ती का जलस्तर मंगलवार सुबह होते-होते घट गया। मंगलवार को राप्ती का जलस्तर सोमवार की अपेक्षा 100 सेंटीमीटर घट कर 127.30 मीटर पहुंच गया, जो खतरे के निशान 127.70 मीटर से 40 सेंटीमीटर कम है। जलस्तर घटने से कछार में बसे बाढ़ प्रभावित गांवों के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। हांलांकि, कटान स्थल पर पानी बहने से आवागमन अभी भी प्रभावित है।
राप्ती ने सोमवार को रौद्र रूप धारण कर लिया था और खतरे के निशान से 60 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गई थी, इससे बाढ़ प्रभावित गांवों के लोगों को बाढ़ का खतरा सताने लगा था। ग्रामीण ऊंचे स्थानों पर जाने की तैयारी करने लगे थे, लेकिन सोमवार की रात से जलस्तर घटने लगा और सुबह 10 बजे तक 127.70 मीटर पर पहुंच गया। इसके बाद पानी लगातार घटता रहा और दोपहर 12 बजे 127.60 मीटर, दोपहर दो बजे 127.60 मीटर, शाम पांच बजे 127.50 मीटर व शाम छह बजे 127.30 मीटर दर्ज किया गया।