भिनगा कस्बे में छाए घने बादल। -संवाद
श्रावस्ती। तराई में शनिवार को सुबह-सुबह ही तेज हवा के साथ बादलों ने दस्तक दी और मौसम सुहाना हो गया। हालांकि दोपहर के समय धूप निकलने से लोगों को निराशा हुई, लेकिन शाम होते-होते एक बार फिर बादल छा गए। इस दौरान जिले के कई क्षेत्रों में बारिश हुई और तापमान पांच डिग्री लुढ़क गया।
जमुनहा तहसील क्षेत्र के कुछ इलाकों में झमाझम बारिश हुई और सड़कें सराबोर हो गईं। हालांकि तराई का कई हिस्सा बारिश से अछूता रहा। भिनगा कस्बा सहित अन्य क्षेत्रों में लोग बारिश की आस में आसमान की ओर टकटकी लगाए रहे।
तराई के कई हिस्सों में बारिश भले न हुई हो, लेकिन तापमान कम होने से लोगों को राहत मिली। बारिश व लगभग 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवा के चलते अधिकतम तापमान पांच डिग्री लुढ़ककर 35 पहुंच गया। वहीं न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहा।