भिनगा में पूजा सामग्री की दुकानों पर खरीदारी करते लोग
श्रावस्ती। चैत्र नवरात्र की तिथियां नजदीक आने से लोगों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। बाजार में ग्राहकों की भीड़ उमड़ रही है। वहीं, मंदिरों का भी रंग रोगन कर मां दुर्गा को विशेष आराधना के लिए तैयार कर दिया गया है।
पंडित राधेश्याम पांडेय ने बताया कि 19 मार्च से नवरात्र की पूजा प्रारंभ होगी। उस दिन सुबह 6:52 बजे से 7:43 बजे के बीच करना सबसे उत्तम होगा। वहीं, दूसरा शुभ मुहूर्त दोपहर 12:05 से 12:53 बजे तक अभिजीत मुहूर्त है। इन दो मुहूर्त में कलश स्थापना की जा सकती है।
उन्होंंने बताया कि इस बार नवरात्र की शुरुआत में शुक्ल योग, ब्रह्म योग और सर्वार्थ सिद्धि योग का अनूठा संयोग बन रहा है। नवरात्र की तैयारियां अब लगभग अंतिम चरण में हैं। पूजन सामग्री की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ उमड़ रही है। कोई मां दुर्गा के लिए रंग बिरंगी चुनरी खरीद रहा है तो कोई श्रृंगार का सामान खरीदने में व्यस्त है। वहीं, मंदिर भी सफाई व रंगाई पुताई के बाद मां भगवती की उपासना के लिए तैयार है।
भिनगा का राजर्षि काली मंदिर, सर्वामाई धाम मंदिर, हनुमान गढ़ी मंदिर, इकौना में बेचुबाबा मंदिर, भंगहा में काली मंदिर, शिवगढ़कलां में श्रीराम जानकी मंदिर, जमुनहां में जगतपति धाम मंदिर में नवरात्र के दिनों में विशेष पूजा व अनुष्ठान का आयोजन किया जाएगा।
भिनगा में पूजा सामग्री की दुकानों पर खरीदारी करते लोग