श्रावस्ती। स्पोर्ट्स स्टेडियम भिनगा में दो दिवसीय जिलास्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का मंगलवार को समापन हुआ। खेल प्रतियोगिताओं के फाइनल मुकाबले कराए गए। साथ ही विजेता व उप विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार व प्रशस्ति पत्र वितरित कर सम्मानित किया गया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि जिला पूर्ति अधिकारी दीपक वार्ष्णेय व जिला क्रीड़ाधिकारी शिव कुमार यादव ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता में बालक वर्ग में कबड्डी के फाइनल मुकाबले में खेलो इंडिया ने 21-14 से जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय सिरसिया को हराया। वहीं, बालिका वर्ग में एटीएस भैयापुरवा ने 17-5 से उच्च प्राथमिक विद्यालय पटना की टीम को पराजित किया।
फुटबॉल में बालक वर्ग में स्पोर्ट्स स्टेडियम ए टीम ने 5-3 से स्पोर्ट्स स्टेडियम बी टीम को हराया। बास्केटबॉल के फाइनल मुकाबले में बालक वर्ग में स्पोर्ट स्टेडियम श्रावस्ती की टीम ने 30-22 से राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय सिरसिया की टीम को हराया। इसी तरह से बालिका वर्ग के बास्केटबॉल मुकाबले में राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय ने स्पोर्टस स्टेडियम भिनगा की टीम को हराया।
बैडमिंटन में आदित्य व आरती रहे प्रथम
बैडमिंटन में बालक वर्ग में आदित्य यादव ने प्रथम व प्रियांशु पाठक ने द्वितीय स्थान हासिल किया। वहीं, बालिका वर्ग में आरती को प्रथम व पूजा को द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ। वॉलीबॉल में बालिका वर्ग के फाइनल में राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय भयापुरवा ने 25-18 से टंडवा महंथ को हराया। बालक वर्ग के फाइनल में टंडवा महंथ इकौना ने 25-22 से राजकीय आश्रम पद्धति सिरसिया को पराजित किया। 100 मीटर दौड़ में अरविंद गोस्वामी प्रथम, किशनलाल द्वितीय व प्रवेश कुमार तृतीय स्थान पर रहे। विजेता प्रतिभागियों को जिला युवा कल्याण अधिकारी प्रदीप त्रिपाठी, कृष्ण स्वरूप मिश्रा सहित अन्य ने पुरस्कार व प्रमाणपत्र वितरित किया। इस मौके पर निर्णायक के रूप में जगेसर सैनी, मोहम्मद मुस्लिम, कन्हैया प्रजापति, अनुष्का प्रजापति, अशोक यादव, विकास कुमार गिरी सहित अन्य मौजूद रहे।
स्पोर्ट्स स्टेडियम में कबड्डी खेलती खिलाड़ी।- फोटो : संदना इलाके में हादसे के बाद पलटी पड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली को उठाती जेसीबी।