इकौना / कटरा (श्रावस्ती)। बौद्ध परिपथ पर रविवार को तिलकपुर चौराहे के निकट तेज रफ्तार ट्रक ने मोटर साइकिल को टक्कर मार दी। इसमें बाइक पर बैठी गर्भवती महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। जिसे सीएचसी इकौना ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मॉर्डन थाना श्रावस्ती के रमवापुर पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत वीरपुर ग्राम तिलकपुर चौराहा के पास उर्वरक लेकर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। इसमें बाइक पर बैठी कुसमा उर्फ ईसा (35) पत्नी जमुना प्रसाद निवासी सुसगांव हेमजोत थाना खरगूपुर जिला गोंडा गंभीर रूप से घायल हो गई। कुसमा मॉर्डन थाना क्षेत्र के ग्राम जोरडीह निवासी संदीप गोस्वामी के घर आई थी।
वह संदीप गोस्वामी की बाइक से बच्चों के साथ अपनी रिश्तेदारी पथरहवा गजेडीगंज चौराहा तिलकपुर से ग्राम जोरडीह को वापस जा रही थी। गंभीर रूप से घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना लाया गया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है। वहीं बाइक सवार संदीप व बच्चे सुरक्षित हैं।