श्रावस्ती। कोरोना वायरस से होने वाली बीमारी को विश्व स्वास्थ्य संगठन की ओर से वैश्विक महामारी घोषित किया जा चुका है। इस बीमारी की दूसरी लहर ने पहले से ज्यादा प्रभावी रूप लेकर लोगों को प्रभावित किया है। ऐसी स्थिति में उचित सावधानी एवं संक्रमित व्यक्ति के संपर्क से बचाव द्वारा ही इस बीमारी पर नियंत्रण पाया जा सकता है। कोरोना से बचना आसान है। बस भीड़ से सावधान रहें, घर में महफूज रहें।
यह बातें रविवार को जिलेवासियों के नाम जारी अपील में जिलाधिकारी टीके शिबु ने कहा। उन्होंने कहा है कि जिला प्रशासन सभी लोगों को सभी प्रकार की आवश्यक सुविधायें, दवायें, चिकित्सा आदि उपलब्ध कराने के लिये हर संभव प्रयास कर रही है। जो लोग क्वारंटीन में है, उनके भी खान-पान, साफ सफाई, सैनिटाइजेशन, चिकित्सा आदि का जिला प्रशासन द्वारा पूरा ख्याल रखा जा रहा है। राष्ट्र हित में यह आवश्यक है कि वह एक अच्छे नागरिक के रूप में क्वारंटीन में ही रहें। उन्हें भी अन्य लोगों की भांति समस्त प्रकार की सुविधाएं अनवरत मुहैया कराने के लिए जिला प्रशासन प्रतिबद्ध है।
मुझे आशा ही नहीं, अपितु पूर्ण विश्वास है कि आप स्वयं व अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग का संदेश प्रसारित करते हुए समाज तथा देश को कोरोना महामारी से बचाने के लिए शुरू की गईं। इस जंग में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। साथ ही प्रशासन को अपना योगदान देकर उदाहरण प्रस्तुत करेंगे। उन्होंने कहा कि जिलेवासी धैर्य एवं संयम रखें, अफवाहों पर ध्यान न दें, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें और मास्क अनिवार्य रूप से लगाएं तथा स्वयं सुरक्षित रहें और अपने परिवार को भी सुरक्षित रखकर स्वस्थ रहें। यदि उन्हें किसी भी प्रकार की कोई समस्या है तो कलेक्ट्रेट स्थित एकीकृत कमांड कंट्रोल सेंटर के नंबर 9044047486, 9044287486, 9454417486 एवं 9454417485 पर किसी भी समय फोन कर समस्या का निराकरण करा सकते हैं।