श्रावस्ती। जिले में शुक्रवार रात तेज हवा के साथ हुई बरसात के बाद बिजली व्यवस्था बेपटरी हो गई है। कई स्थानों पर विद्युत लाइनों में फाल्ट आ जाने के कारण फीडर ट्रिप कर रहे हैं। वहीं भिनगा नगर सहित कई अन्य स्थानों पर ट्रांसफार्मरों में खराबी आ जाने से मध्य रात्रि से उपभोक्ता आपूर्ति बहाल होने का इंतजार कर रहे हैं।
तराई में शुक्रवार रात चली तेज हवा के बीच बरसात हुई। इससे विद्युत उपकेंद्र कलेक्ट्रेट के मछरिहिवा फीडर की लाइन में खराबी आ जाने से फीडर बार-बार ट्रिप कर रहा है। इससे उपभोक्ता मध्य रात्रि से ही आपूर्ति सामान्य होने का इंतजार कर रहे हैं। आपूर्ति बाधित होने के कारण नगर पालिका परिषद भिनगा के सिविल लाइन, अब्दुल कलाम नगर व कृष्ण नगर सहित हरिहरपुररानी विकास क्षेत्र के वर्गावर्गी, चहलवा, मदरहवा, गोबार, लौकीपुरवा सहित कई गांवों में लोग परेशान हैं।
वहीं भिनगा नगर में स्वामी दयाल सरस्वती शिशु मंदिर के सामने ट्रांसफार्मर जल जाने के कारण देर रात से नगर के कुछ हिस्सों की बिजली आपूर्ति ठप है। इससे लोगों के घरों में लगे विद्युत उपकरण भी खामोश हो चुके हैं। ऐसे में भीषण उमस भरी गर्मी के कारण लोग बेहाल देखे जा रहे हैं। यही स्थिति विद्युत उपकेंद्र घोलिया, बंजारनपुरवा, गिलौला, कटरा, सीताद्वार व इकौना का भी है। जहां तेज हवा व बरसात के कारण आई फाल्ट से कई गांवों में आपूर्ति बाधित है। जिसे बहाल करने के लिए बिजली निगम के कर्मचारी प्रयास कर रहे हैं।