कटरा/गिलौला। तराई क्षेत्र में बीते 10 दिनों से रुक-रुक कर झमाझम बारिश हो रही है। यह अब लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बन गई है। जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही के कारण यह समस्या और भी गंभीर हो गई है। मुख्य मार्ग गहरे गड्ढों में बदल गए हैं। बारिश के पानी से सड़कें तालाब जैसी दिखाई दे रही हैं। इन खस्ताहाल मार्गों को लेकर स्थानीय लोगों में शासन-प्रशासन के प्रति भारी गुस्सा है। गड्ढों में भरे पानी के चलते राहगीरों को गहराई का अंदाजा नहीं लग पा रहा है और राहगीर चोटिल हो रहे हैं। मुख्य मार्गों पर बने गड्ढों के चलते राहगीरों में शासन-प्रशासन के प्रति आक्रोश है।
कटरा-मथुरा मुख्य मार्ग पर जलभराव
बौद्ध तपोस्थली और विदेशी पर्यटकों के लिए प्रसिद्ध कटरा क्षेत्र इन दिनों जर्जर सड़कों और जलभराव के लिए जाना जा रहा है। कटरा-मथुरा मुख्य मार्ग पर जगह-जगह बने गड्ढों के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। इसी मार्ग पर पीएम श्री विद्यालय कटरा गुलरिया, सरस्वती शिशु मंदिर, बीपी मेमोरियल पब्लिक स्कूल, जामिया मदरसा कटरा, पशु चिकित्सालय कटरा, किसान सेवा केंद्र कटरा और कन्या जूनियर हाई स्कूल जैसे कई संस्थान हैं। इन संस्थानों में प्रतिदिन हजारों लोग आते-जाते हैं, जिससे उन्हें भारी असुविधा होती है। स्थानीय निवासियों लवकुश कुमार पांडेय, प्रमोद कुमार और शोभित ने बताया कि यह मार्ग वर्षों से खराब है, जिस पर जनप्रतिनिधि और जिम्मेदार अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं।
गिलौला में बौद्ध परिपथ की बदहाली
खस्ताहाल सड़कों को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता का उदाहरण गिलौला में बौद्ध परिपथ पर देखने को मिल रहा है। गिलौला कस्बे में बौद्ध परिपथ पर एक बड़ा गड्ढा बन गया है, जो बारिश के बाद तालाब जैसा नजर आता है। इस गड्ढे में पानी भरा होने के कारण राहगीर अक्सर गिरकर चोटिल हो जाते हैं। यह मुख्य मार्ग श्रावस्ती को बलरामपुर, बहराइच और गोंडा सहित कई जिलों से जोड़ता है। इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों की संख्या में बड़े और छोटे वाहन गुजरते हैं। राहगीरों मनोज गुप्ता, रजनीश कुमार, पंकज मिश्रा और सगुन श्रीवास्तव ने बताया कि पानी से गहराई का अंदाजा नहीं लगता और हादसे होते हैं।
सिरसिया में स्कूल मार्ग पर जानलेवा गड्ढे
सिरसिया स्थित प्राथमिक विद्यालय संभारपुरवा को जाने वाले खडंजा मार्ग के बीच भी एक बड़ा गड्ढा बन गया है। बारिश के बाद इस गड्ढे में पानी भर गया है, जिससे यह और भी खतरनाक हो गया है। विद्यालय मार्ग के आसपास भी कई अन्य जानलेवा गड्ढे मौजूद हैं, जिनके कारण किसी भी समय दुर्घटना हो सकती है। राहगीरों भूपेंद्र कुमार, सुंदरपता और रामलखन ने बताया कि रामनगर और बिशुनपापुर के ग्रामीण भी इस मार्ग का उपयोग करते हैं। गड्ढे के कारण मोटरसाइकिल ले जाने में भी लोगों को काफी दिक्कत होती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मार्ग को जल्द से जल्द ठीक करवाने की मांग की है।
गड्ढे में भरा पनी
गड्ढे में भरा पनी