इकौना में आयोजित समाधान दिवस में फरियाद सुनते डीएम। -स्रोत: विभाग
श्रावस्ती। सभी तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। समाधान दिवस में कुल 27 मामले आए, जिनमें से सात मामलों का ही मौके पर निस्तारण हो सका। डीएम अश्विनी कुमार पांडेय व एसपी राहुल भाटी ने इकौना में फरियादियों की समस्याएं सुनीं।
इकौना तहसील में आयोजित जिलास्तरीय समाधान दिवस में कुल 10 मामले आए, जिनमें से चार मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों को निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को सौंप दिया गया।
इस दौरान डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि तय समय सीमा के भीतर ही शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारण करें। भूमि विवाद के मामलों में राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर जाकर शिकायतों को निस्तारण करे। इसी तरह भिनगा में आईं कुल 11 शिकायतों में से दो तथा जमुनहा में कुल छह में से एक शिकायत का मौके पर निस्तारण किया गया।
कोर्ट के आदेश पर भी नहीं हटा कब्जा
भिनगा क्षेत्र के ग्राम रोशनपुरवा निवासी हेमराज ने समाधान दिवस में शिकायती पत्र देकर बताया कि गांव के कुछ लोगों ने उनकी भूमि पर कब्जा कर लिया है। कब्जा हटवाने के लिए उन्होंने कोर्ट की शरण ली, फिर भी अब तक कब्जा नहीं हट सका है। पीड़ित ने कब्जा हटवाकर आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
भूमि पैमाइश में आनाकानी कर रहे लेखपाल
भिनगा क्षेत्र के ग्राम अमरहवा निवासी अली मुर्तजा ने समाधान दिवस में शिकायती पत्र देकर बताया कि वह अपने खेत की पैमाइश कराना चाहते हैं। इसके लिए कई बार हल्का लेखपाल को प्रार्थनापत्र दे चुके हैं, लेकिन पैमाइश में लेखपाल आनाकानी कर रहे हैं। उन्होंने भूमि की पैमाइश कराने की मांग की है।