श्रावस्ती। कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को डीएम अन्नपूर्णा गर्ग ने बाढ़ आपदा से बचाव के लिए विभागवार तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने बाढ़ से पूर्व सभी तैयारियों को पूरा करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा, बाढ़ आने की सूचना मिलने पर तत्काल ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का प्रबंध किया जाए। जिले में एक आदर्श बाढ़ शरणालय बनाकर मॉकड्रिल के माध्यम से बाढ़ शरणालय की व्यवस्था को दुरुस्त रखें। आपदाओं की सूचना मिलते ही उसे लोगों तक पहुंचाने का काम करें, जिससे लोगों को आपदा से पहले तैयार रहने का अवसर मिल सके। एडीएम ललित कुमार ने कहा, डूबकर होने वाली मृत्यु को रोकने के लिए स्कूलों मे जन जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। साथ ही ग्राम पंचायतों में सूचना पट लगवाकर लोगों को सचेत किया जाएगा। बैठक का संचालन आपदा विशेषज्ञ अरुण कुमार मिश्र ने किया। बैठक मे उपजिलाधिकारी प्रवीण यादव, उपजिलाधिकारी आरपी सिंह, उपजिलाधिकारी श्रेया, डाॅ. केके वर्मा, इंजीनियर अखिलेश गौतम, इंजीनियर विकास शिरोमणि सहित अन्य मौजूद रहे।