श्रावस्ती। जिले में स्वास्थ्य विभाग की ओर से 11 से 24 जुलाई तक जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा मनाया जाएगा। इसे सफल बनाने के लिए गुरुवार को डीएम ने कैंप कार्यालय सभागार में प्रभारी चिकित्सकों व स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें उन्होंने कहा कि समाज के चहुंमुखी विकास के लिए जनसंख्या को नियंत्रित करना आवश्यक है। इसके लिए लोगों को परिवार नियोजन के साधन अपनाने के लिए प्रेरित किया जाए।
डीएम ओपी आर्य ने कहा कि 11 जुलाई को विश्व जनसंख्या दिवस पर जनसंख्या स्थिरता के लिए जिले में जागरूकता कार्यक्रम चलाया जाएगा। यह कार्यक्रम 24 जुलाई तक चलेगा। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं। जिले के सभी प्रभारी चिकित्साधिकारी आशा, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करके जनसंख्या स्थिरता के लिए कार्य योजना बनाएं।
जिससे बढ़ती जनसंख्या को स्थिर किया जा सके। जिले में स्वास्थ्य व शिक्षा के क्षेत्र में बहुत कार्य करने की आवश्यकता है। यहां की साक्षरता दर अन्य जिलों से काफी कम है। बाल विवाह का भी प्रचलन है। इसे रोके बिना स्वस्थ समाज की परिकल्पना नहीं की जा सकती। बाल विवाह भी जनसंख्या बढ़ने का एक कारक है।
विशेष प्रयास करके लोगों को इस पर रोक लगाने के लिए जागरूक करना होगा। बैठक में सीडीओ अवनीश राय, सीएमओ डॉ. वीके सिंह, डिप्टी सीएमओ डॉ. मुकेश मातन हेलिया सहित सभी प्रभारी चिकित्साधिकारी व अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।