श्रावस्ती। बाल विकास परियोजना विभाग द्वारा जिले में सोमवार से पोषण माह सितंबर की शुरुआत हुई। इसका शुभारंभ पटना खास में डीएम व कंजड़वा में श्रावस्ती विधायक द्वारा किया गया। इस दौरान बच्चों का वजन भी कराया गया।
हरिहरपुररानी विकास क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्र पटना खास में पोषण माह सितंबर की शुरुआत करने आए जिलाधिकारी व अध्यक्ष पोषण अभियान टीके शिबु ने कहा कि जिले में यह कार्यक्रम 30 सितंबर तक चलाया जाएगा। इस दौरान डीएम ने अपनी उपस्थिति में अरुण, अमित, अंशिका, प्रतिभा व शिवानी का वजन कराकर पोषण श्रेणी अंकित कराया। इस दौरान तीन बच्चे हरी श्रेणी व दो बच्चे लाल श्रेणी में चिह्नित किए गए।
डीएम ने कहा कि शून्य से पांच वर्ष के सभी बच्चों का वजन अनिवार्य रूप से करते हुए पोषण श्रेणी अंकित की जाए। उपस्थित बच्चों को उन्होंने टॉफी भी दी। इसके बाद आंगनबाड़ी केंद्र परिसर में डीएम व सीडीओ कुमार हर्ष तथा डीपीओ आशा सिंह द्वारा पौधरोपण किया गया। इस दौरान नामित नोडल अधिकारी व जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी तथा बाल विकास परियोजना अधिकारी मौजूद रहे।
वहीं इकौना के कंजड़वा में श्रावस्ती विधायक रामफेरन पांडे द्वारा पोषण माह का शुभारंभ किया गया। विधायक ने बच्चों का वजन कराया जिनका आंगनबाड़ी कार्यकर्ता द्वारा पोषण श्रेणी अंकन किया गया। इस दौरान बाल विकास परियोजना अधिकारी इकौना व क्षेत्रीय मुख्य सेविका मौजूद रहीं।
इसी क्रम में आंगनबाड़ी केंद्र सिरसिया में ब्लॉक प्रमुख, खंड विकास अधिकारी सिरसिया, बाल विकास परियोजना अधिकारी, गिलौला के आंगनबाड़ी केंद्र गिलौला तृतीय पर जिला पंचायत सदस्य अखिलानंद मिश्रा व ग्राम प्रधान द्वारा इसकी शुरुआत की गई।
भिनगा में अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद द्वारा आंगनबाड़ी केंद्र पुरानी बाजार प्रथम में इसकी शुरुआत की गई। इस मौके पर बाल विकास परियोजना अधिकारी, क्षेत्रीय मुख्य सेविका व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मौजूद रहीं।