श्रावस्ती। जिले में लगातार अपील के बावजूद लोग सामाजिक दूरी का अनुपालन, सैनिटाइजर व मास्क का प्रयोग नहीं कर रहे हैं। इससे कोरोना का संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। कोरोना का बढ़ता संक्रमण घातक साबित हो सकता है। ऐसे में इसे काबू करने के लिए अब सख्ती जरूरी है।
थाना व चौकी प्रभारी सहित सभी एसडीएम, तहसीलदार व नायब तहसीलदार मातहतों के साथ क्षेत्र के चौक-चौराहों पर सघन जांच अभियान चलाएं। इस दौरान जो भी कोरोना प्रोटोकॉन का उल्लंघन करता मिले, उस पर सख्ती बरतें। यदि फिर भी न मानें तो उन पर कार्रवाई करें।
ये बातें सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कोविड-19 की रोकथाम के लिए आयोजित बैठक में डीएम टीके शिबु ने कही। उन्होंने सीएमओ को निर्देश दिया कि वह नियमित रूप से होम आइसोलेशन वाले मरीजों की निगरानी कराएं। इसके साथ ही उनका डाटा भी अपडेट करें। जिन क्षेत्रों में संक्रमित लोग अधिक हैं, वहां शत-प्रतिशत लोगों की जांच कराई जाए।
साथ ही यह भी सुनिश्चित करें कि जांच किट की कमी न होने पाए। जिलेवासियों से अपील है कि यदि किसी के गले में खराश, बुखार, सांस लेने में तकलीफ अथवा खांसी की शिकायत हो या फिर वह कोरोना संक्रमित के संपर्क में आये हों तो तत्काल इसकी सूचना नजदीकी सीएचसी अथवा सर्विलांस टीम को दे।
डीएम ने कहा कि यदि आपकी जानकारी में कोई व्यक्ति ऐसा है तो उसकी सूचना इंटीग्रेटेड कोविड कंट्रोल व कमान सेंटर पर दें। बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एपी भार्गव, अपर जिलाधिकारी योगानंद पांडे, जिला पंचायत राज अधिकारी किरन, जिला कार्यक्रम अधिकारी आशा सिंह व अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मुकेश मातनहेलिया सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।