जमुनहा (श्रावस्ती)। जमुनहा तहसील व ब्लॉक मुख्यालय सहित क्षेत्र के कस्बों व गांवों में बिजली व्यवस्था पूरी तरह से बदहाल है। यहां उपभोक्ताओं को जरूरत के वक्त विद्युत आपूर्ति नहीं मिल पा रही है। एक तरफ जहां रात दो बजे से सुबह दस बजे तक व दोपहर दो बजे से रात आठ बजे तक रोस्टर की कटौती की जाती है। वहीं बीच में भी कहीं लाइनों में फाल्ट तो कहीं बाहर से आपूर्ति बाधित होने की बात कह सप्लाई बाधित की जा रही है।
ऐसे में उपभोक्ताओं को 14 घंटे भी अबाध विद्युत आपूर्ति मिल पाना दूभर रहता है। इसकी शिकायत के बावजूद उपभोक्ताओं की समस्याओं का निराकरण नहीं हो रहा है। जिससे उपभोक्ताओं में बिजली निगम क अधिकारियों के प्रति नाराजगी देखी जा रही है। ऐसे में क्षेत्रीय उपभोक्ताओं ने अधिशाषी अभियंता विद्युत रमाशंकर मौर्य से हस्तक्षेप कर अबाध विद्युत आपूर्ति दिलाने की मांग की है।