जमुनहा (श्रावस्ती)। मल्हीपुर के घुमना कुटी पर रह रहे साधू की एक वर्ष पूर्व हत्या कर दी गई थी। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज किया था। केस की विवेचना सीओ भिनगा द्वारा की जा रही थी। शनिवार को हत्याकांड का खुलासा करते हुए पुलिस ने हत्या आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
गौरतलब है कि मल्हीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम ककरदरी निवासी छोटेदास (55) बचपन में ही साधू बन गया था। इसके बाद वह घर छोड़ नेपाल सीमा से सटे बरगदहा के हरिहर पाझा में घुमनी के निकट कुटी बनाकर रहने लगा। वहीं पास में बरगदहा निवासी रामसागर पुत्र सुकई भी मड़हा बनाकर रहता था।
साधू छोटेदास की 10 जून 2018 को हत्या कर दी गई थी। लाश कुटि के बगल खेत में पड़ी मिली थी। मृतक के भाई माधवराम द्वारा अज्ञात के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कराया गया था। केस की विवेचना सीओ भिनगा डॉ. जंगबहादुर यादव द्वारा की जा रही थी। शनिवार को हत्याकांड का खुलासा कर दिया गया।
मामले में सीओ के साथ प्रभारी निरीक्षक मल्हीपुर देवेंद्र कुमार पांडे द्वारा आरोपी फतेहपुर बनगई के मजरा गड़रियनपुरवा निवासी रामसमोखन को गिरफ्तार किया गया है। सीओ के मुताबिक साधू ने गाय पाल रखी थी। मवेशी द्वारा रामसमोखन की धान की नर्सरी को नुकसान पहुंचाया जा रहा था। मना करने के बाद भी साधू ने ध्यान नहीं दिया। इस पर आक्रोश में आकर रामसमोखन ने साधू की पिटाई कर दी थी। साथ में मौजूद रामसागर ने विरोध किया तो उसे भी मारापीटा था। काफी चोट लगने के कारण साधू की मौत हो गई थी। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।