श्रावस्ती। जिले में शनिवार को इकौना के ग्राम नरपतपुर के मजरा नफीस पुरवा में मां बेटी व ननद कोरोना संक्रमित मिली। इसके साथ अब जिले में कुल संक्रमितों की संख्या 100 हो गई है। वहीं जिले में कोरोना के 26 मरीज सक्रिय हैं। इसके साथ जिले में दस कंटेनमेंट जोन भी एक्टिव हैं। वहीं स्वास्थ्य विभाग लोगों को कोरोना प्रोटोकाल का कड़ाई से पालन करने की नसीहत दे रहा है।
जिले में कोरोना संक्रमण घटने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार किसी न किसी गांव अथवा कस्बे में कोरोना संक्रमित निकल रहे हैं। शनिवार को आई रिपोर्ट में इकौना के ग्राम नरपतपुर के मजरा नफीस पुरवा निवासी मां, बेटी सहित उसकी ननद कोरोना संक्रमित मिली।
इसकी रिपोर्ट मिलने के बाद शनिवार को गांव पहुंचे सीएचसी इकौना के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अजय कुमार मिश्र ने मां बेटी सहित ननद को एंबुलेंस से लेवल वन हॉस्पिटल भंगहा पहुंचाया। जहां तीनों का इलाज चल रहा है। वहीं मौके पर पहुंचे उप जिलाधिकारी इकौना राजेश मिश्र ने गांव को कंटेनमेंट जोन घोषित करते हुए सभी प्रवेश मार्गों पर बैरिकेडिंग कर उसे सील कर दिया है।
इसके साथ ही ग्रामीणों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने, रिश्तेदारों को घर पर न आने देने व स्वयं किसी रिश्तेदार के घर न जाने की नसीहत दी है। ग्रामीणों से स्वच्छता अपनाने, सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन करने तथा घर पर ही होम क्वारंटीन रहने की सलाह भी दी है।
जिले में शनिवार को तीन लोग और कोरोना संक्रमित मिले हैं। इसके साथ ही अब तक कुल 100 मरीज संक्रमित मिल चुके हैं। 26 मरीजों का इलाज अस्पतालों में चल रहा है, शेष लोग स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। कोरोना से बचाव के लिए लोग घर पर रहें और नियमों का पालन करें। - डॉ. एपी भार्गव, सएमओ