राष्ट्रीय एकता विराट कुश्ती दंगल में पहलवानों ने दिखाया दम
संवाद न्यूज एजेंसी श्रावस्ती। भिनगा के खैरी मोड़ पर सोमवार को राष्ट्रीय एकता विराट कुश्ती दंगल का आयोजन हुआ। जिसमें नामचीन महिला व पुरुष पहलवानों ने अपना दम दिखाया।
राष्ट्रीय एकता विराट कुश्ती दंगल में सोमवार को तपानाथ तिवारी ने पहलवानों का हाथ मिलाकर दंगल की शुरुआत कराई। दंगल में नंदिनी नगर गोंडा के विश्वजीत, कल्लू व अयोध्या के अजीत दास, नागेंद्र दास व राजस्थान गंगानगर के शैतान सिंह, पंजाब के मोहित सिंह व ग्वालियर के सूरज में दंगल में दांव पेंच दिखाया। गिलौला के अज्ञाराम, रास्थान के संदीप व जम्मू कश्मीर के फैजल गनी ने अखाड़े में दम दिखाया। गाजियाबाद की अंशू मलिक व गोरखपुर की रानी ने कुश्ती में खूब वाहवाही बटोरी।
फाइनल कुश्ती पंजाब के मोहित सिंह व हरियाणा के बग्गा पहलवान के मध्य हुई। जिसमें मोहित सिंह विजेता रहे। जिन्हें आयोजक तपानाथ तिवारी व नगर पालिका अध्यक्ष इरफान अहमद ने मोटरसाइकिल व गदा देकर सम्मानित किया। इस दौरान गौरव त्रिपाठी, डाॅ. ध्रुव मिश्रा, दौलतराम तिवारी, दिवाकर शुक्ला, राहुल तिवारी, जमील अहमद, उबैद, आमिर खां, अनिल रावत, सज्जन, सीताराम व रईशा खां सहित काफी संख्या में दंगल प्रेमी मौजूद रहे।