यूनिटी मार्च के दौरान शपथ दिलाते जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्रा
श्रावस्ती। लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 151वीं जयंती शनिवार को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई गई। इस मौके पर कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में डीएम अन्नपूर्णा गर्ग ने सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। डीएम ने यूनिटी मार्च को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
डीएम ने कहा कि सरदार पटेल ने देशी रियासतों का एकीकरण कर राष्ट्र को एकसूत्र में बांधने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने गरीबों, पिछड़ों और किसानों को सहकारिता से जोड़कर देश के विकास का मार्ग प्रशस्त किया। एडीएम अशोक कुमार ने कहा कि अखंड भारत के निर्माण में सरदार पटेल का योगदान अतुलनीय है। उन्होंने अपनी दूरदृष्टि और संकल्प शक्ति से रियासतों को एकजुट किया। डिप्टी कलेक्टर प्रवीण कुमार ने कहा कि सरदार पटेल ने देश को एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।
पटेल चौक से ईदगाह तिराहे तक निकला मार्च
राष्ट्रीय एकता दिवस पर पटेल चौक दहाना से ईदगाह तिराहे तक यूनिटी मार्च निकाला गया। पटेल चौक पर पूर्व सांसद एवं जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्रा ने सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उन्होंने विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों और छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। इस दौरान एसडीएम इकौना रवि प्रताप सिंह, जमुनहा रवेंद्र कुमार, डिप्टी कलेक्टर श्रेया और प्रशिक्षु डिप्टी कलेक्टर दीक्षा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।