श्रावस्ती। समग्र शिक्षा अभियान के तहत दिव्यांग बच्चों को कृत्रिम अंग देने के लिए 29 व 30 जनवरी को मेजरमेंट कैंप का आयोजन होगा। बेसिक शिक्षा विभाग के सहयोग से यह कैंप एलिम्को कानपुर लगाएगा। मेजरमेंट के बाद दिव्यांग बच्चों को निशुल्क उपकरण मिलेंगे।
बेसिक शिक्षा विभाग के सहयोग से लगाए जाने वाले इस कैंप में पहले दिव्यांग बच्चो के अंगों का मेजरमेंट किया जाता है। कृत्रिम अंगों का मेजरमेंट करने के लिए 29 जनवरी को जमुनहां में प्राथमिक विद्यालय बैजनाथपुर और 30 जनवरी को ब्लॉक संसाधन केंद्र सिरसिया में कैंप का आयोजन किया जाएगा। इस कैंप में चिह्नित बच्चों को तीन व चार मार्च को उपकरण प्रदान किए जाएंगे।
कैंप के बारे में जानकारी देते हुए सर्व शिक्षा अभियान के जिला समन्वयक अजीत कुमार उपाध्याय बताते हैं कि दिव्यांग बच्चों को दिए जाने वाले विशेष उपकरण का सहयोग ही इनके विकास की सर्वाधिक महत्वपूर्ण कड़ी है। इन विशेष उपकरणों के माध्यम से जहां यह बच्चे रोजमर्रा की आवश्यकताएं स्वयं पूरी कर पाएंगे। वहीं बिना किसी सहयोग के अपने गांव के निकटतम विद्यालय तक भी जाकर शिक्षा की मुख्य धारा से जुड़ सकेंगे। उपकरण प्राप्त करने के बाद यह बच्चे आत्मनिर्भर हो सकेंगे।