श्रावस्ती। पिपरी गांव निवासी एक महिला शुक्रवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में रेलिंग समेत छत से गिर गई। परिजन उसे संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा लाए। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई ने अपनी बहन की हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
भिनगा क्षेत्र के ग्राम पिपरी निवासी सकीना (40) पत्नी नसीरुद्दीन शुक्रवार रात करीब 10 बजे घर के छत की रेलिंग पर बैठी थी। इस दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में वह रेलिंग सहित छत से गिर गईं। सकीना के पुत्र फखरुद्दीन ने पड़ोसियों की मदद से उसे संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने सकीना को मृत घोषित कर दिया। जानकारी के बाद पहुंचे सकीना के भाई कटरा क्षेत्र के ग्राम मिश्रौलिया निवासी अहमद रजा ने अपनी बहन की छत से धक्का देकर गिराने व उसकी हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं महिला की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।