श्रावस्ती। जिले के थानों में शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले भर में कुल 226 मामले आए। इनमें से 42 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों के निस्तारण के लिए टीम भेजी गई है। भिनगा कोतवाली में आयोजित समाधान दिवस की अध्यक्षता डीएम व एसपी ने किया।
भिनगा कोतवाली में थाना दिवस की अध्यक्षता करते हुए डीएम नेहा प्रकाश ने कहा कि फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनें। इसका समय से निस्तारण भी कराएं। ताकि फरियादियों को अपनी समस्याओं को लेकर भटकना न पड़े। शिकायतों के निस्तारण की जांच फरियादियों के मोबाइल पर बात करके की जाएगी। यदि निस्तारण में फर्जीवाड़ा मिला तो निस्तारण करने वाले अधिकारी व कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जमीनी विवादों की शिकायतों को सूचीबद्ध कर राजस्व व पुलिस टीम को मौके पर जाकर बिना पक्षपात शिकायतों का निस्तारण करने को कहा।
एसपी अरविंद कुमार मौर्य ने कहा कि समाधान दिवस में आई सभी शिकायतों को सूचीबद्ध कर रजिस्टर में दर्ज किया जाए। जिनका मौके पर जाकर निस्तारण भी किया जाए। जिससे उन प्रकरणों की पुनरावृत्ति न हो। इस दौरान उपजिलाधिकारी भिनगा प्रवेंद्र कुमार, थानाध्यक्ष सहित राजस्व निरीक्षक, लेखपाल व फरियादी मौजूद रहे।
वहीं सिरसिया में एएसपी केसी गोस्वामी ने फरियाद सुनी। इकौना में सीओ महेंद्र पाल शर्मा व मल्हीपुर में सीओ अतुल कुमार चौबे द्वारा समस्याओं को सुना गया। जबकि अन्य थानों में थाना प्रभारियों द्वारा समस्याओं को सुना गया। इस दौरान जिले भर में कुल 226 मामले आए। इनमें से 42 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों के निस्तारण के लिए टीम भेजी गई है।