कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय हरिहरपुररानी। - संवाद
श्रावस्ती। परिषदीय विद्यालयों की तर्ज पर अब कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में भी लर्निंग बाई डूइंग (एलबीडी) लैब की स्थापना कराई जाएगी। इसके माध्यम से छात्राओं को रोजगार परक शिक्षा दी जाएगी।
पढ़ाई के साथ ही विद्यार्थियों का कार्य कौशल निखारने के लिए शिक्षा विभाग की ओर से एलबीडी योजना का संचालन किया जा रहा है। इसके तहत विद्यालयों में लर्निंग बाई डूइंग लैब का निर्माण कराकर उसमें विभिन्न रोजगार परक ट्रेडों के तहत प्रशिक्षण दिया जाएगा।
अब तक जिले के 12 परिषदीय विद्यालयों में लैब की स्थापना कराई जा चुकी है। इनके माध्यम से विद्यार्थी रोजगार परक शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। जिला समन्वयक प्रणव त्रिपाठी ने बताया कि जिले के सभी कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों को एलबीडी के लिए चयनित किया गया है।
उन्होंने बताया कि इसके तहत विद्यालयों में लैब का निर्माण कराकर छात्राओं को इंजीनियरिंग एंड वर्कशॉप, एनर्जी एवं एनवायरमेंट, एग्रीकल्चर, नर्सरी व गार्डनिंग तथा होम एंड हेल्थ ट्रेड में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
छात्राएं भी होंगी सशक्त
कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में एलबीडी प्रशिक्षण शुरू होने से छात्राओं में आत्मनिर्भर होने के गुण विकसित होंगे। इसके साथ ही उनकी शिक्षा भी और अधिक प्रभावी होगी।
-अजय कुमार, बीएसए