इकौना। इकौना तहसील परिसर में सार्वजनिक शौचालय न होने से अधिवक्ताओं व वादकारियों को काफी दिक्कत होती है। अधिवक्ताओं ने समस्या के निराकरण के लिए डीएम अश्विनी पांडेय से पत्राचार किया है।
इकौना तहसील परिसर में प्रतिदिन तीन हजार से अधिक अधिवक्ता व वादकारी पहुंचते हैं। वादकारी जहां विभिन्न मामलों में तीन से चार घंटे, तो वहीं अधिवक्ता पूरे दिन तहसील परिसर में बिताते हैं। बावजूद इसके, तहसील परिसर में सार्वजनिक शौचालय नहीं है।
वादकारियों व अधिवक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। अधिवक्ता रामकुमार शुक्ला ने बताया कि तहसील परिसर में सार्वजनिक शौचालय न होने से सबसे ज्यादा परेशानी महिला अधिवक्ता व वादियों को उठानी पड़ती है।
अधिवक्ता पाटेश्वरी प्रसाद मिश्र ने कहा कि परिसर में स्वच्छता के दृष्टिगत सार्वजनिक शौचालय का निर्माण नितांत आवश्यक है। अधिवक्ताओं को नित्यक्रिया के लिए भटकना पड़ता है। अधिवक्ता श्याम किशोर मिश्रा ने बताया कि शौचालय बनवाने की मांग कई बार की गई, लेकिन जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं।