वीरपुर। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कटरा में बुनियादी सुविधाओं की कमी से मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यहां करीब 20 दिनों से शुगर जांच बंद है। फार्मासिस्ट की तैनाती न होने से दवा लेने और उसके सेवन की जानकारी के लिए भी मरीजों को भटकना पड़ता है। अस्पताल की बाउंड्रीवाल टूटी है, परिसर में गंदगी के साथ झाड़-झंखाड़ उगे हैं।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन कटरा पीएचसी की स्थिति इन दावों पर सवाल खड़े करती है। शुक्रवार को पीएचसी में कई कमियां दिखीं। परिसर की नालियों के ढक्कन कई स्थानों पर टूटे हुए हैं।
बाउंड्रीवाल क्षतिग्रस्त है, जिससे छुट्टा मवेशी परिसर में घुस जाते हैं। अस्पताल में आरओ की सुविधा नहीं है। ऐसे में मरीजों और कर्मचारियों को हैंडपंप का पीला पानी पीना पड़ता है।
ग्लूकोमीटर से शुगर जांच कराने पहुंच रहे मरीजों को भी निराश होकर लौटना पड़ रहा है। करीब 20 दिनों से जांच की सुविधा बाधित है। इससे मरीजों को परेशानी हो रही है।
-
चार महीने से खाली है फार्मासिस्ट की कुर्सी
कटरा पीएचसी में करीब चार माह से फार्मासिस्ट का पद रिक्त है। यहां तैनात फार्मासिस्ट चंद्रिका प्रसाद का तबादला दूसरे जिले में हो गया था। इसके बाद तिलकपुर पीएचसी में तैनात फार्मासिस्ट रामू को यहां का प्रभार सौंपा गया। उन्हें इकौना सीएचसी में भी इमरजेंसी ड्यूटी करनी पड़ती है। इस कारण वह कटरा पीएचसी में कभी-कभार ही पहुंचते हैं। इससे मरीजों को दवाओं के सेवन की जानकारी के लिए चिकित्सकों के चक्कर लगाने पड़ते हैं।
-
पीएचसी की बदहाली के बारे में मुझे जानकारी नहीं है। इस समस्या के लिए जिलास्तरीय अधिकारी ही जिम्मेदार हैं। इस संबंध में अधिक जानकारी भी वही दे सकते हैं।
-दीपक शुक्ला, अधीक्षक, इकौना सीएचसी
-
सोनवा के फार्मासिस्ट की तैनाती कटरा में की गई है, लेकिन अभी तक उन्होंने ज्वाइन नहीं किया है। वहीं, पीएचसी में फैली अव्यवस्था के लिए सीएचसी अधीक्षक ही जिम्मेदार हैं। फिर भी व्यवस्था दुरुस्त कराई जाएगी।
- डॉ. एके सिंह, सीएमओ