तुलसीपुर (श्रावस्ती)। सोनवा के बरदेहरा गांव में एक विवाहिता की हत्या कर गुरुवार रात उसका शव गांव के बाहर स्थित तालाब के पास जला दिया गया था। जिसका मामला पिता द्वारा दर्ज कराया गया था। इसके बाद शनिवार को मौके पर फॉरेंसिक टीम के साथ पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
भिनगा कोतवाली क्षेत्र के भोजापुर निवासी सुरेश कुमार ने अपनी पुत्री आरती (25) का विवाह छह वर्ष पूर्व सोनवा थाना क्षेत्र के बरदेहरा गांव निवासी ननके उर्फ वीरेंद्र कुमार के साथ किया था। वीरेंद्र आए दिन आरती को मारता पीटता रहता था। जिसके द्वारा लगातार दहेज की मांग की जा रही थी। आरोप है कि दहेज की मांग को लेकर वीरेंद्र द्वारा गुरुवार रात आरती की हत्या कर दी गई। जिसके शव को गांव के बाहर स्थित तालाब पर ले जाकर रात को ही जला दिया गया था। घटना के बाद से वीरेंद्र घर छोड़ कर फरार हो गया था। इस मामले में शुक्रवार को मृतका के पिता द्वारा दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया गया था। शनिवार को फॉरेंसिक टीम के साथ पहुंचे प्रभारी निरीक्षक सोनवा सुरेंद्र कुमार शर्मा द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है।