अंतर्राष्ट्रीय बस अड्डा निर्माण के लिए भूमि का निरीक्षण करते एसडीएम व अन्य।
- फोटो : SRAWASTI
इकौना (श्रावस्ती)। देश के विभिन्न प्रांतों से बौद्ध तपोस्थली आने वाले पर्यटक व अनुयायियों को अब असुविधा नहीं होगी। इसके लिए कटरा बाईपास के निकट अंतरराष्ट्रीय बस अड्डे का निर्माण कराया जाएगा। बौद्ध सर्किट जोड़ने को होने वाले इस निर्माण के लिए इकौना तहसील प्रशासन भूमि चयन कर उसके अधिग्रहण के लिए किसानों से सहमति लेने का प्रयास कर रहा है।
बौद्ध तपोस्थली श्रावस्ती आने वाले पर्यटकों व अनुयायियों को देश के विभिन्न प्रांतों से अब सीधी बस सेवा मिलेगी। इसके लिए तपोस्थली व कटरा के मध्य बाईपास के निकट अंतरराष्ट्रीय बस अड्डे का निर्माण किया जाएगा।
इसके लिए एसडीएम इकौना राजेश कुमार मिश्रा ने सोमवार को भूमि अधिग्रहण के लिए मौका मुआयना किया। इस दौरान उन्होंने चयनित भूमि के साथ ही अभिलेखों का भी निरीक्षण किया। कटरा में अंतरराष्ट्रीय बस अड्डा बनने के बाद यहां से लोगों को लखनऊ दिल्ली व मुंबई सहित अन्य प्रांतों के लिए सीधी बस सेवा मिलेगी।
बौद्ध सर्किट के तहत होने वाले इस निर्माण के बाद बौद्ध तपोस्थली श्रावस्ती बौद्ध तीर्थ स्थली सारनाथ, वाराणसी, कुशीनगर, बोध गया सहित अन्य प्रमुख स्थलों से सीधा जुड़ जाएगा। इसका लाभ स्थानीय लोगों को भी मिलेगा। तपोस्थली से सीधी बस सेवा प्रारंभ कराने के लिए प्रदेश सरकार के निर्देश पर सोमवार को राजस्व विभाग की टीम ने बस अड्डा निर्माण के लिए चयनित भूमि को अधिग्रहण करने के लिए किसानों से वार्ता भी की।
एसडीएम, इकौना राजेश कुमार मिश्रा ने कहा कि श्रावस्ती में अंतरराष्ट्रीय स्तर के बस अड्डे का निर्माण कराने के लिए ढाई एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा। भूमि के अभिलेखों की जांच कर काश्तकारों की सहमति ली जा रही है जिसकी रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी।