श्रावस्ती। जिले में पुलिस विभाग की ओर से सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के तहत बृहस्पतिवार को भिनगा में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें दो पहिया वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए जरूरतमंदों को हेलमेट का वितरण भी किया गया। इस मौके पर मौजूद एसपी प्राची सिंह ने सभी का आह्वान किया कि सुरक्षित सफर के लिए सभी वाहन चालकों को सीटबेल्ट के साथ हेलमेट लगाने के साथ ही ट्रैफिक नियमों का पालन भी अवश्य करना चाहिए।
उन्होंने वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करनें के साथ वाहनों को ओवर स्पीड में न चलाने की नसीहत भी दी। इस मौके पर यातायात पुलिस व आरटीओ की टीम ने ऑटो व बस यूनियन के साथ बैठक कर उन्हें यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के संबंध में जानकारी देते हुए इसके अनुपालन की अपील की। कार्यक्रम में प्रभारी निरीक्षक यातायात मनीष कुमार पांडे , प्रभारी निरीक्षक भिनगा सहित अन्य पुलिस व परिवहन विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
मोहर्रम को लेकर थानों पर हुई पीस कमेटी की बैठक
श्रावस्ती। मोहर्रम को लेकर एसपी के निर्देश पर जिले के थानों में बृहस्पतिवार को पीस कमेटी की बैठक का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर भिनगा कोतवाली, सिरसिया, इकौना, मल्हीपुर, सोनवा, गिरंट व नवीन माडर्न थाना कटरा में हुई बैठकों में मोहर्रम को अमन चैन के साथ शांतिपूर्ण तरह से संपन्न कराने पर मंथन हुआ।
भिनगा कोतवाली में आयोजित बैठक की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी नगर अतुल कुमार चौबे ने की। उन्होंने बैठक में मौजूद सभी समुदाय के गणमान्य नागरिकों से बातचीत कर मोहर्रम को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने व पुलिस प्रशासन का पूरा सहयोग करने की अपील की। कहा कि क्षेत्र में कोई भी व्यक्ति अराजकता फैलाने व माहौल बिगाड़ने की कोशिश करता है, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दे ताकि समय रहते सख्त कार्रवाई की जा सके।