पदक व प्रशस्तिपत्र दिखाते हर्षवर्धन मणि दीक्षित। - स्रोत: प्रशिक्षक
श्रावस्ती। यूटीटीआई पैरा सीनियर टेबल टेनिस राष्ट्रीय चैंपियनशिप का आयोजन इंदौर के अभय प्रशाल में किया गया। इसमें जिले के खिलाड़ी हर्षवर्धन मणि दीक्षित ने प्रतिद्वंद्वी को हराकर तीसरा स्थान हासिल किया।
टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में मध्यप्रदेश टेबल टेनिस एसोसिएशन व पैरा टेबल टेनिस प्रमोशन एसोसिएशन की ओर से 26 से 28 फरवरी तक इंदौर में यूटीटीआई पैरा सीनियर टेबल टेनिस राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2025-26 का आयोजन किया गया।
चैंपियनशिप में हर्षवर्धन ने व्हीलचेयर कैटेगरी क्लास-1 में सटीक शॉट्स, तेज रिफ्लेक्स और बेहतरीन रणनीति का परिचय देते हुए बेहतर प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के मेन डबल्स-4 में उन्होंने हरियाणा के एशियाई खेल पदक विजेता संदीप डांगी को पराजित किया, तृतीय स्थान आने पर उन्हें कांस्य पदक मिला।
हर्षवर्धन दुबई में आयोजित फज्ज इंटरनेशनल रीजनल टूर्नामेंट में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। वर्ष 2025 में जॉर्डन के अम्मान में आयोजित आईटीएफ पैरा फ्यूचर प्रतियोगिता में उन्होंने भारत के लिए पैरा ओलंपिक लाइसेंस हासिल किया।
इसी तरह कजाकिस्तान के अस्ताना में आयोजित वर्ल्ड पैरा चैलेंजर एवं वर्ल्ड चैंपियनशिप 2025 में उन्होंने टॉप-30 विश्व रैंकिंग में स्थान बनाकर देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने वर्ष 2026 की वर्ल्ड चैंपियनशिप क्वालिफिकेशन सूची में भी अपना स्थान पक्का किया है।
प्रशिक्षक विवेक कुमार ने बताया कि हर्षवर्धन अब तक राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कुल 74 पदक जीत चुके हैं।