श्रावस्ती। तराई में वैश्विक महामारी कोरोना का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को आई जांच रिपोर्ट में चार और लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। इसके साथ ही जिले में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1322 पहुंच गई है। वहीं, सिरसिया बाजार निवासी एक व्यक्ति स्वस्थ भी हुआ। इसके साथ ही ठीक हुए कुल लोगों की संख्या 1276 पहुंच गई। जबकि 18 लोगों की कोरोना संक्रमण के चलते मौत हुई है। मौजूदा समय में जिले में कोरोना के एक्टिव केस 28 हैं।
वैश्विक महामारी कोरोना का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। रविवार को आई जांच रिपोर्ट में चार लोग कोरोना पॉजिटिव मिले। इनमें हरिहरपुररानी के गद्दीपुरवा में एक, सिरसिया के परसा देवतहा में एक, चिर्रीपुर में एक व लोहटी में एक युवक कोरोना संक्रमित मिला। जिन्हें होम क्वारंटीन किया गया है। इसके साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को एहतियात बरतने का निर्देश दिया गया है।
वहीं, सिरसिया बाजार निवासी एक व्यक्ति स्वस्थ भी हुआ है। जिसे एहतियात बरतने का निर्देश देकर घर भेजा गया है। जिले में अब तक 2,03,705 लोगों का कोरोना जांच की जा चुकी है। इनमें से 2,02,584 लोगों की जांच रिपोर्ट जिले को प्राप्त हो चुकी है। इनमें 1322 लोग कोरोना संक्रमित मिले। जिनमें से 18 लोगों की मौत भी हुई है। जिले में मौजूदा समय कुल 28 एक्टिव केस हैं।
कुल सात कंटेनमेंट जोन अब भी सक्रिय हैं। जिनमें जमुनहा में दो व भिनगा में पांच कंटेनमेंट जोन हैं। इस बारे में सीएमओ डॉ. एपी भार्गव बताते हैं कि कोरोना से सावधानी बरतकर ही बचा जा सकता है। ऐसे में लोगों को चाहिए कि वह बगैर मास्क व मुंह पर गमछा बांधे घरों से बाहर न निकलें। एक-दूसरे से दो गज की दूरी बनाएं रखें। बाहर से घर लौटने व समय-समय पर साबुन से हाथ धोते रहें।