श्रावस्ती। कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को जिला स्तरीय उद्योग बंधु समिति की बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता डीएम ने की। इस दौरान उन्होंने मौजूद अधिकारियों से उद्यमियों व व्यापारियों को सरकार की ओर से दी जा रही सभी सुविधाएं समय से मुहैया कराने तथा व्यापारियों से कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करने को कहा। उन्होंने कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों व दुकानदारों सहित ग्राहकों को शत प्रतिशत मास्क का प्रयोग करने तथा लोगों को इसके लिए प्रेरित करने में अपनी सहभागिता निभाने की अपील की।
बैठक में जिलाधिकारी टीके शिबू ने कहा कि कोरोना का संकट अभी टला नहीं है। एहतियात बरत कर ही इस बीमारी से बचा जा सकता है। इस बीमारी से बचाव के लिए सबसे महत्वपूर्ण है मास्क लगाना, सामाजिक दूरी का पालन करना है। सरकार की ओर से जो भी अनिवार्य किया गया है अथवा हिदायत दी गयी है, सभी उसका अनुपालन करें। जिले में उद्यम की अपार संभावनाएं है।
इस लिए बैंकों का दायित्व बनता है कि वह विशेष रुचि लेकर लोगों को समय से ऋण मुहैया कराएं। जिससे बेरोजगार अपना रोजी रोजगार करके अपने परिवार का जीविकोपार्जन कर सकें। बैठक में जिलाधिकारी ने उपायुक्त उद्योग व अग्रणी बैंक प्रबंधक को निर्देश दिया कि आपस में समन्वय बनाकर सभी लोन के लंबित प्रकरणों का निस्तारण करें। जिससे लोगों को इधर उधर दौड़ भाग न करना पड़े। बैठक में मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम एवं एक जिला एक उत्पाद आदि की समीक्षा की गई।
साथ ही पात्रों को प्रत्येक दशा में उन्हें अपना उद्यम स्थापित करने के लिए ऋण मुहैया कराने का निर्देश दिया। डीएम द्वारा विभागीय योजनाओं की समीक्षा भी की। जिसमें उन्हें मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना में 10, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम में 09 तथा ओडीओपी में 05 आवेदन पत्रों पर ऋण स्वीकृत प्रदान करने की जानकारी मिली।
इस दौरान जिन योजनाओं में आवेदन कम आए हैं, उन योजनाओं का लक्ष्य पूरा करने तथा योजना के प्रचार प्रसार करने का निर्देश भी दिया। बैठक में एलडीएम अनिल कुमार, उपायुक्त उद्योग व सहायक प्रबंधक उद्योग डॉ. मनोज मौर्या, अध्यक्ष उद्योग व्यापार मंडल दीनानाथ गुप्ता, उद्यमी मिथिलेश शुक्ला, सूफी सगीर, पवनेश शुक्ला सहित संबंधित अधिकारी व उद्यमी मौजूद रहे।