श्रावस्ती। संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा व सीएचसी गिलौला के पांच कर्मचारियों सहित जिले में शुक्रवार को 19 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। जिन्हें होम क्वारंटीन किया गया है। वहीं 14 लोगों की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें लेवल वन हॉस्पिटल से वापस घर भेजा गया है। इसके साथ ही जिले में अब तक कोरोना से संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 617 पहुंच गई। वहीं मरने वालों की संख्या दस हो गई है।
जिले में भले ही कोरोना संक्रमण लगातार बढ़ रहा हो, लेकिन इसके खतरे को लेकर न तो अधिकारी गंभीर दिख रहे हैं और न ही माननीय। शायद यही कारण है कि आमजन भी वैश्विक महामारी कोरोना के खतरे को नजर अंदाज कर रहे हैं। शुक्रवार को आई रिपोर्ट में संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा के एक स्वास्थ्य कर्मी सहित गिलौला में सीएचसी अधीक्षक, फार्मासिस्ट, लैब टेक्नीशियन, दो स्वास्थ्य कर्मी व सीएचसी अधीक्षक के दो निजी हेल्पर कोरोना संक्रमित मिले।
इसके साथ ही लार्ड कृष्णा पब्लिक स्कूल के दो स्टाफ, इकौना के चौक बाजार में एक, टीचर कॉलोनी में चार, आजाद नगर में एक, शास्त्री नगर में एक, भिनगा के हिना लाज में एक, सिरसिया व गिलौला बाजार में एक एक लोगों की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
जिन्हें उन्हीं के घरों में होम क्वारंटीन किया गया है। इसके साथ ही जमुनहा क्षेत्र के जमुनहा बाजार निवासी तीन, बांसगढ़ी निवासी तीन, पुलिस चौकी गिरंट में एक, इकौना के चौक बाजार निवासी एक, टीचर कॉलोनी निवासी एक, कबीर नगर निवासी एक, भिनगा के मोहल्ला कोट रियासत निवासी एक, भिनगा के छावनी गली निवासी एक, गिलौला बाजार निवासी एक व भचकाही निवासी एक युवक की कोरोना जांच रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें वापस घर भेजा गया है।
जिले में अब तक कुल 21827 लोगों की जांच की गई। जिनमें से 21097 लोगों की जांच रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है। जिनमें 617 लोग अब तक कोरोना पॉजिटिव निकले। इनमें से 460 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। 161 लोग अब भी कोरोना संक्रमित हैं। वहीं दस लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। जिले में कुल 157 कंटेनमेंट जोन घोषित किए गए हैं।
इनमें से 81 अब भी एक्टिव हैं। जिनमें इकौना में 18, गिलौला में 15, भंगहा में 14, जमुनहा में 04, सिरसिया में 13 व भिनगा में 17 कंटेनमेंट जोन एक्टिव हैं। इस संबंध में सीएमओ डॉ. एपी भार्गव का कहना है कि कोरोना संक्रमण के फैलाव अब एक दूसरे से हो रहा है। इसकी चेन तोड़ने के लिए सामाजिक दूरी व मास्क अनिवार्य है। लोग इसका पालन करें। तभी कोरोना के फैलाव को रोका जा सकता है।