नागरिक उड्डयन मंत्री से मुलाकात करते जिला पंचायत अध्यक्ष। (फाइल फोटो)
श्रावस्ती। श्रावस्ती एयरपोर्ट से बहुत जल्द देश के प्रमुख शहरों मुंबई, दिल्ली, वाराणसी, प्रयागराज व गया आदि के लिए विमान सेवा शुरू होगी। नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापू राम मोहन नायडू ने जिला पंचायत अध्यक्ष व पूर्व सांसद दद्दन मिश्रा की मांग को स्वीकार कर लिया है। केंद्रीय मंत्री ने दद्दन मिश्रा को पत्र लिखकर इस संबंध में अधिकारियों को निर्देशित करने की बात कही है।
पूर्व सांसद व जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्रा ने अगस्त में नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापू राम मोहन नायडू से मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने श्रावस्ती एयरपोर्ट के पूरी क्षमता के साथ विकसित होने तक प्रमुख स्थलों तक विमान सेवा शुरू करने की मांग की थी।
दद्दन मिश्रा ने बताया कि केंद्रीय मंत्री से श्रावस्ती में पर्यटन की संभावनाओं व पर्यटकों की सुविधा और तराई के लोगों को विभिन्न पर्यटन स्थलों से जोड़ने की मांग की थी। साथ ही श्रावस्ती से मुंबई, दिल्ली, वाराणसी, प्रयागराज व गया के लिए विमानों का परिचालन प्रारंभ कराने का अनुरोध भी किया था। इस पर केंद्रीय मंत्री ने विमानों के परिचालन के संबंध में अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं।