श्रावस्ती। जिले में कानून-व्यवस्था के साथ ही भयमुक्त वातावरण कायम रखने के लिए मंगलवार शाम भिनगा में एसपी प्राची सिंह ने पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च किया। उन्होंने ईदगाह तिराहा पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इसके बाद दहाना बस स्टॉप सहित भिनगा नगर के अन्य मोहल्लों में जाकर लोगों से वार्ता कर सुरक्षा का एहसास दिलाया। इस दौरान एएसपी प्रवीण कुमार यादव, क्षेत्राधिकारी जमुनहा सतीश कुमार शर्मा सहित काफी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। (संवाद)
75 लीटर कच्ची शराब बरामद
श्रावस्ती। आबकारी विभाग की टीम ने भिनगा के भयापुरवा उल्लहवा के जंगल में दबिश देकर 55 लीटर कच्ची शराब के साथ चार कुंतल लहन बरामद किया। टीम ने बरामद लहन मौके पर ही नष्ट करवा दिया। वहीं सिरसिया पुलिस ने फुलहिया निवासी भवने को 20 लीटर कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया।
शांतिभंग में 21 गिरफ्तार
श्रावस्ती। जिला पुलिस ने शांतिभंग करने के आरोप में 21 लोगों को गिरफ्तार किया। जिनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई कर न्यायालय के समक्ष पेश किया। वहीं वाहन जांच अभियान के दौरान जिला पुलिस ने 41 वाहनों का ई चालान कर 51500 रुपये शमन शुल्क वसूल किया।
सीओ नगर ने रैतिक परेड का किया निरीक्षण
श्रावस्ती। रिजर्व पुलिस लाइन भिनगा में बुधवार को सीओ नगर अतुल कुमार चौबे ने रैतिक परेड की सलामी लेकर उसका निरीक्षण भी किया। इस दौरान टोली वार ड्रिल करवाई गई। इसके बाद उन्होंने भोजनालय पहुंचकर भोजन की गुणवत्ता परखा। आदेश कक्ष में गार्द रजिस्टर को चेक किया तथा गार्द / सुरक्षा ड्यूटी के संबंध में सभी गार्द कमांडरों को आवश्यक निर्देश भी दिए। इस दौरान प्रभारी पुलिस लाइन मौजूद रहे।